Bank Holidays: अगले वीक इन वर्किंग डे पर बंद रहेंगे बैंक, जानिए RBI के क्यों किया छुट्टियों का ऐलान; सिटी वाइस लिस्ट भी चेक करिए
RBI Bank Holiday List: अगले हफ्ते देश के अलग-अलग राज्यों में बकरीद के त्योहार के कारण बैंकों की बंदी रहने वाली है। इसके साथ ही SBI के कर्मचारियों ने दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है जिससे वीक में कई दिनों तक बैंकों का कामकाज प्रभावित हो सकता है
अगर हड़ताल होती है, तो वीकेंड की छुट्टियों को मिलाकर कुछ राज्यों में लगातार 6 दिनों तक बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप रह सकता है
Bank Holiday Alert: अगर आपका खाता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है या आपको अगले हफ्ते बैंक से जुड़ा कोई बड़ा काम निपटाना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। अगले हफ्ते देश के अलग-अलग राज्यों में बकरीद (Eid-al-Adha) के त्योहार के कारण बैंकों की बंदी रहने वाली है। इसके साथ ही, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने एक राष्ट्रव्यापी दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है।
अगर यह हड़ताल तय शेड्यूल के मुताबिक होती है, तो वीकेंड की छुट्टियों को मिलाकर कुछ राज्यों में लगातार 6 दिनों तक बैंकिंग कामकाज पूरी तरह ठप रह सकता है। ऐसे में किसी भी परेशानी से बचने के लिए तुरंत नीचे दी गई छुट्टियों और प्रभावित शहरों की लिस्ट चेक कर लें।
अगले हफ्ते बकरीद पर कब-कब है छुट्टी?
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, बकरीद की छुट्टियां अलग-अलग क्षेत्रों में चांद के दीदार और स्थानीय परंपराओं के अनुसार अलग-अलग दिन होंगी:
28 मई (गुरुवार): देश के अधिकांश राज्यों और प्रमुख शहरों में 28 मई को बकरीद के मुख्य त्योहार पर बैंक बंद रहेंगे।
27 और 28 मई (दो दिन की बंदी): जम्मू-कश्मीर और श्रीनगर मंडल में लगातार दो दिन (बुधवार और गुरुवार) बैंकों में अवकाश रहेगा।
City-Wise List: जानें आपके शहर में किस दिन बंद हैं बैंक
आरबीआई कैलेंडर के मुताबिक, मई के आखिरी हफ्ते (26 से 28 मई) के दौरान इन प्रमुख शहरों में बैंक बंद रहेंगे:
26 मई को बंद रहने वाले शहर (काजी नजरुल इस्लाम जयंती): अगरतला, अहमदाबाद, आइजोल, गुवाहाटी, हैदराबाद, इम्फाल, जम्मू, कोच्चि, कोहिला, कोलकाता, लखनऊ, नई दिल्ली, रायपुर, रांची, शिलांग, शिमला, तिरुवनंतपुरम और विजयवाड़ा।
27 मई को बंद रहने वाले शहर (बकरीद का पहला दिन): जम्मू और श्रीनगर।
28 मई को बंद रहने वाले शहर (बकरीद की छुट्टी): नई दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कानपुर, भोपाल, पटना, रांची, चंडीगढ़, अहमदाबाद, बेलापुर, बेंगलुरु, चेन्नई, देहरादून, गुवाहाटी, हैदराबाद, इम्फाल, जयपुर, कोच्चि, कोलकाता, नागपुर, पणजी, रायपुर, शिमला, शिलांग, तिरुवनंतपुरम और विजयवाड़ा।
SBI ग्राहकों पर डबल मार, 25 और 26 मई को होनी है हड़ताल
बकरीद की छुट्टियों के अलावा, ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन ने 25 मई (सोमवार) और 26 मई (मंगलवार) को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
क्यों हो रही है हड़ताल?
कर्मचारी संघ नई भर्तियों में देरी, बैंकिंग कार्यों की आउटसोर्सिंग, नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) फंड मैनेजर्स का चुनाव, करियर प्रोग्रेशन पॉलिसी और एचआरएमएस (HRMS) से जुड़े आंतरिक मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर यह हड़ताल होती है, तो एसबीआई शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप हो सकता है, हालांकि अन्य बैंकों (जैसे HDFC, PNB, ICICI) में काम सामान्य रहेगा।
ऐसे समझें 6 दिनों की महाबंदी का गणित
कुछ राज्यों में शनिवार से लेकर गुरुवार तक बैंकों के न खुलने का एक बड़ा संयोग बन रहा है:
23 मई: चौथा शनिवार (बैंक बंद)।
24 मई: साप्ताहिक रविवार (बैंक बंद)।
25 मई: SBI कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल (SBI प्रभावित)।
26 मई: हड़ताल का दूसरा दिन + कई शहरों में क्षेत्रीय अवकाश (काजी नजरुल इस्लाम जयंती)।
27 मई: जम्मू-कश्मीर में बकरीद की छुट्टी।
28 मई: देश के लगभग सभी राज्यों में बकरीद की मुख्य छुट्टी।
नोट: यह हड़ताल अभी 'प्रस्तावित' है। अगर सरकार या बैंक प्रबंधन के साथ बातचीत सफल रहती है, तो 25 और 26 मई को एसबीआई शाखाएं सामान्य रूप से काम कर सकती हैं। इसलिए घर से निकलने से पहले अपनी स्थानीय शाखा से स्थिति की पुष्टि अवश्य कर लें।
डिजिटल सेवाओं का करें इस्तेमाल, नहीं रुकेगा काम
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। आपकी वित्तीय जरूरतें पूरी करने के लिए सभी डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म हमेशा की तरह चालू रहेंगे:
UPI और नेट बैंकिंग: पैसे ट्रांसफर करने या ऑनलाइन पेमेंट के लिए Google Pay, PhonePe और नेट बैंकिंग 24 घंटे एक्टिव रहेंगे।
ATM और कैश मशीनें: नकद निकासी और जमा के लिए एटीएम सेवाएं खुली रहेंगी।
IMPS / NEFT: ऑनलाइन फंड ट्रांसफर में छुट्टियों का कोई असर नहीं पड़ेगा।