Bank Strike: एचडीएफसी बैंक ने भी अपनी ब्रांच इस संडे यानी 27 सितंबर को खोलने का लिया फैसला, जानिए प्राइवेट बैंक ने क्या कहा है

HDFC Bank ने इस बारे में अपने ग्राहकों को मेल भेजा है। देर रात भेजे गए इस ईमेल में कहा गया है कि बैंक की शाखाएं इस रविवार को खुली रहेंगी। मेल में कहा गया है कि ग्राहकों की सुविधा के लिए एचडीएफसी बैंक 27 सितंबर को खुला रहेगा। यह भी कहा गया है कि 28 सितंबर यानी सोमवार से लेकर 30 सितंबर यानी बुधवार को बैंक की शाखाओं में सामान्य कामकाज होगा

अपडेटेड Sep 26, 2026 पर 12:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यूनाइटेड फॉरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने तीन दिन यानी 28 सितंबर से 30 सितंबर तक हड़ताल का ऐलान किया है।

एचडीएफसी बैंक से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है। एचडीएफसी बैंक के सभी ब्रांच रविवार यानी 27 सितंबर को खुलेंगे। प्राइवेट बैंक ने अपने ग्राहकों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है। सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (आरआरबी) ने तीन दिन की हड़ताल से पहले रविवार यानी 27 सितंबर को अपनी शाखाएं खोलने का ऐलान किया था। अब एचडीएफसी बैंक ने भी रविवार यानी 27 सितंबर को अपनी शाखाएं खुला रखने का फैसला लिया है।

एचडीएफसी बैंक ने इस संडे बैंक खुलने के बारे में ग्राहकों को भेजा ईमेल

HDFC Bank ने इस बारे में अपने ग्राहकों को मेल भेजा है। देर रात भेजे गए इस ईमेल में कहा गया है कि बैंक की शाखाएं इस रविवार को खुली रहेंगी। मेल में कहा गया है कि ग्राहकों की सुविधा के लिए एचडीएफसी बैंक 27 सितंबर को खुला रहेगा। यह भी कहा गया है कि 28 सितंबर यानी सोमवार से लेकर 30 सितंबर यानी बुधवार को बैंक की शाखाओं में सामान्य कामकाज होगा। बैंक ने अपने एंप्लॉयीज को भी इस बारे में पहले से बता दिया है।


पहले पीएसयू बैंक और RRB ने इस संडे ब्रांच खोलने का फैसला लिया था

सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) की शाखाओं के कामकाज पर 28 सितंबर से लेकर 30 सितंबर की हड़ताल का असर पड़ सकता है। हालांकि, बैंकों ने अपने एंप्लॉयीज से हड़ताल में शामिल नहीं होने की अपील की है। 28 सितंबर से 30 सितंबर की हड़ताल को देखते हुए पीएसयू बैंकों और RRB ने पहले ही 27 सितंबर यानी रविवार को अपनी शाखाएं खोलने का ऐलान कर दिया था। इसका मकसद लगातार तीन दिन की हड़ताल से ग्राहकों को होने वाली दिक्कतों से राहत देना है। अब एचडीएफसी बैंक ने भी 27 सितंबर को अपनी ब्रांच खुला रखने का फैसला लिया है।

26 सितंबर महीने का चौथा शनिवार है जिससे बैंकों में छुट्टी है

26 सितंबर को शनिवार है, जिससे सरकारी और प्राइवेट सहित दूसरे सभी बैंकों में छुट्टी है। नियम के मुताबिक, सभी बैंकों की ब्रांच में रविवार को छुट्टी होती है। लेकिन, तीन दिन की हड़ताल को देखते हुए सरकारी बैंक, आरआरबी और प्राइवेट बैंक (एचडीएफसी) ने रविवार यानी 27 सितंबर को अपनी ब्रांच खुला रखने का फैसला लिया है। अगर सरकारी और आरबीआई ने रविवार को ब्रांच खोलने का फैसला नहीं किया होता तो कुल पांच दिन तक इन बैंकों में कामकाज ठप हो जाता।

यह भी पढ़ें: Bank Strike: 3 दिनों की हड़ताल के बीच ग्राहकों को बड़ी राहत, सरकारी बैंकों ने ATM को लेकर किया ये बड़ा ऐलान

यूनाइटेड फॉरम ऑफ बैंक यूनियंस ने तीन दिन की हड़ताल का किया है ऐलान

यूनाइटेड फॉरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने तीन दिन यानी 28 सितंबर से 30 सितंबर तक हड़ताल का ऐलान किया है। यह बैंक एंप्लॉयीज यूनियंस की अंब्रेला बॉडी है। एंप्लॉयीज यूनियंस की हड़ताल पर जाने की सबसे बड़ी वजह बैंकों में हफ्ते में सिर्फ पांच दिन कामकाज की मांग है। यूनियंस का कहना है कि सरकार ने वादा करने के बावजूद यह मांग पूरी नहीं की है। हालांकि, सरकार का कहना है कि उसने ऐसा कोई वादा नहीं किया था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।