eKYC अपडेट कराने की आड़ में हो रहा फ्रॉड, तरीका जान लें तो नहीं होंगे शिकार

अगर आपको कोई कॉल कर या व्हाट्सअप मैसेज भेज आपकी केवाईसी अपडेट कराने के लिए कहता है तो सावधान हो जाएं। इस मामले में पूरी पड़ताल करने के बाद ही कॉल का जवाब दे

अपडेटेड Feb 09, 2022 पर 4:00 PM
Story continues below Advertisement
मोबाइल सेवा देने वाली कंपनियां अपने ग्राहकों को मैसेज भेजकर इस तरह के फ्रॉड से बचने के टिप्स बता रही हैं।

फाइनेंशियल सेवाएं (Financial Services) जैसे-जैसे डिजिटल हो रही है, वैसे-वैसे फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं। फ्रॉड का एक नया तरीका सामने आया है, जो eKYC अपडेट कराने की आड़ में चल रहा है। इसमें लोगों को फोन करके eKYC अपडेट कराने के नाम पर आधार, बैंक अकाउंट सहित अहम जानकारियां मांगी जा रही हैं। फोन करने वाला व्यक्ति खुद को सर्विस प्रोवाइडर का प्रतिनिधि बताता है। आइए इसके तरीके के बारे में जानते हैं ताकि आप इस फ्रॉड का शिकार न हों।

हाल में व्हाट्सअप मैसेज के जरिए कुछ लोगों के फ्रॉड का शिकार बनाया गया है। इसमें कस्टमर को व्हाट्सअप मैसेज भेजकर eKYC अपलोड करने के लिए कहा जाता है। आपको एक नंबर पर फोन करने के लिए कहा जाता है। डराया जाता है कि डिटेल नहीं देने पर मोबाइल नंबर बंद हो जाएगा। आप जब नंबर पर फोन करते हैं तो आपको टीम व्यूअर अप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता है। इस एप को डाउनलोड करते ही आपके फोन का एक्सेस फ्रॉड करने वालों को मिल जाता है।

इसलिए अगर आपको कोई कॉल कर या व्हाट्सअप मैसेज भेज आपकी केवाईसी अपडेट कराने के लिए कहता है तो सावधान हो जाएं। इस मामले में पूरी पड़ताल करने के बाद ही कॉल का जवाब दे। यही वजह है कि मोबाइल सेवा देने वाली कंपनियां अपने ग्राहकों को मैसेज भेजकर इस तरह के फ्रॉड से बचने के टिप्स बता रही हैं।


रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को एक ईमेल भेजा है। इसमें कहा गया है, "हमारे लिए आपकी सिक्योरिटी सबसे अहम है। हाल में साइबर फ्रॉड के कुछ मामले हमारी जानकारी में आए हैं। ऐसे मामलों में फ्रॉड करने वाले खुद को जियो का प्रतिनिधि बता रहे हैं। वे eKyC अपडेट करने के लिए आधार, बैंक डिटेल, ओटीपी शेयर करने के लिए आप पर दबाव बना रहे हैं।"

पिछले साल वोाडाफोन आइडिया ने भी अपने ग्राहकों को ऐसा ही एक ईमेल भेजा था। इसमें कहा गया था कि कंपनी के कई ग्राहकों को अनोन नंबर से फोन कर तुरंत अपनी केवाईसी अपडेट कराने को कहा गया है। दिल्ली क्राइम सेल की वेबसाइट पर पेटीएम केवाईसी फ्रॉड के बारे में विस्तार से बताया गया है। ऐसे फ्रॉड में लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाया गया है।

हमेशा बरतें ये सावधानियां

1. अनोन फोन नंबर से आने वाली कॉल, मैसेज पर भरोसा नहीं करें।

2. अपना क्रेडिट कार्ड या डेबिट कार्ड डिटेल किसी को नहीं बताएं।

3. पूरा भरोसा होने के बाद ही इंटरनेट पर अपने कार्ड्स का डिटेल भरें।

4. ऐसे ऐप को डाउनलोड करने से बचें, जिसके बारे में आप ठीक तरह से नहीं जानते।

5. फिशिंग ईमेल/मैसेज पर क्लिक नहीं करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।