Bharat Bond ETF: सरकार कल लॉन्च करेगी भारत बॉन्ड ETF का तीसरा चरण, क्या आपको करना चाहिए निवेश?

भारत बॉन्ड ETF को अच्छे रिटर्न और सुरक्षित निवेश के लिहाज से एक अच्छा विकल्प माना जाता है

अपडेटेड Dec 02, 2021 पर 9:15 PM
भारत बॉन्ड ETF का तीसरा चरण 3 दिसंबर को खुलेगा

Bharat Bond ETF: भारत सरकार अपने फ्लैगशिप भारत बॉन्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) के तीसरे चरण को लॉन्च करने के लिए तैयार है। भारत बॉन्ड ETF का न्यू फंड ऑफर (NFO) कल यानी शुक्रवार 3 दिसंबर को खुलेगा और 9 दिसंबर 2021 को बंद होगा।

भारत बॉन्ड ETF के इस न्यू फंड ऑफर (NFO) का बेस साइज 1,000 करोड़ रुपये का होगा। हालांकि इसके साथ एक ओपन ग्रीनशू ऑप्शन भी होगा, जिसका साइज करीब 4,000 करोड़ रुपये होगा। इस तरह भारत सरकार इस NFO के जरिए सरकारी कंपनियों को फंडिंग मुहैया कराने के लिए करीब 5,000 करोड़ रुपये जुटा सकती है।

यह नया ETF, 10 साल की अवधि के बाद मैच्योर होता है। यानी कि इसमें निवेश किए गए रकम को 10 साल की अवधि पर निकाला जाता है। यह 10 साल की अवधि अप्रैल 2032 में पूरी होगी। इसीलिए इस ETF को, Bharat Bond ETF April 2032 नाम दिया गया है।


भारत बॉन्ड ETF, एक एक्सचेंज ट्रेडेड फंड है, जो सिर्फ पब्लिक सेक्टर कंपनियों के बॉन्ड में निवेश करती है। फिलहाल यह ETF, सिर्फ ‘AAA’ रेटिंग वाली पब्लिक सेक्टर कंपनियों के बॉन्ड में ही निवेश करता है।

ICICI सिक्योरिटीज ने एक नोट में बताया, "अगर निवशेक 15 अप्रैल 2032 की मैच्योरिटी अवधि तक इसमें बने रहेंगे, तो उन्हें 6.87% का ब्याज मिल सकता है। हालांकि बीच में निकलने पर यह ब्याज कुछ कम हो सकता है। इसके अलावा ETF पर डेट म्यूचुअल फंड की तरफ टैक्स बेनिफिट भी मिलते है।"

भारत बॉन्ड ETF को निवेश के लिए लिहाज से एक सुरक्षित विकल्प माना जाता है क्योंकि इसके जरिए सिर्फ सरकारी कंपनियों और उसमें से भी 'AAA' रेटिंग वाले बॉन्ड में निवेश किया जाता है। निवेशक इसमें एकमुश्त पैसा डालकर चैन की सांस ले सकते हैं क्योंकि इसमें बीच में ब्याज में कोई बदलाव नहीं होता है।

भारत बॉन्ड ETF के दूसरे चरण को जुलाई 2020 में पेश किया गया था और इसे तीन गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन मिला था। इसके जरिए11,000 करोड़ रुपये जुटाए गए थे। वहीं दिसंबर, 2019 में इसके पहले चरण में 12,400 करोड़ रुपये की राशि जुटाई गई थी।

बता दें कि ETF, म्यूचुअल फंड जैसे होते हैं, लेकिन ईटीएफ को किसी शेयर की तरह स्टॉक एक्सचेंज से खरीदा या बेचा जा सकता है। आप एक्सचेंज के कारोबारी घंटों के दौरान ईटीएफ को भी खरीद-बेच सकते हैं। ईटीएफ की पेशकश पहले एनएफओ के रूप में होती है। फिर ये शेयर बाजार में लिस्ट होते हैं। ट्रेडिंग पोर्टल या स्टॉक ब्रोकर के जरिये शेयर बाजार पर ईटीएफ की खरीद-बिक्री होती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।