Big Changes from 1 Dec: आज 1 दिसंबर से हुए चार बड़े बदलाव, कहीं झटका तो कहीं राहत

नया महीना शुरू हो चुका है और चूंकि साल का आखिरी महीना भी है तो कई राहतों की उम्मीदें भी थीं। हालांकि महीने के पहले ही दिन राहत के साथ-साथ झटका भी लगा है। यहां आज 1 दिसंबर से हुए बदलावों के बारे में जानकारी दी जा रही है। चेक करें किन बदलावों का आप पर असर होगा और इस महीने अहम काम पर निकलने से किस बात का ध्यान रखना है?

अपडेटेड Dec 01, 2025 पर 7:48 AM
Story continues below Advertisement
हल्की ही सही, लेकिन इस महीने दिसंबर की शुरुआत राहत के साथ हुई है। हालांकि यह राहत व्यापारियों के लिए है क्योंकि OMCs (ऑयल मार्केटिंग कंपनीज) ने आज 1 दिसंबर से 19 किग्रा वाले कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमतें ₹10 घटा दी हैं। (FIle Photo- Pexels)

इस महीने दिसंबर की शुरुआत में ही कुछ ऐसे बदलाव हुए जिससे एक तरफ आम लोगों को राहत मिल सकती है तो दूसरी तरफ झटके भी लग सकते हैं। आज 1 दिसंबर से एक तरफ कॉमर्शियल सिलिंडर सस्ता हुआ है यानी कि होटल-रेस्टोरेंट वालों का खर्च हल्का हुआ है तो दूसरी तरफ हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाला ईंधन महंगा हुआ है यानी कि यात्रियों पर इसका भार पड़ा तो टिकट महंगा हो सकता है। यहां ऐसे ही चार अहम बदलावों के बारे में बताया जा रहा है।

LPG Price

हल्की ही सही, लेकिन इस महीने दिसंबर की शुरुआत राहत के साथ हुई है। हालांकि यह राहत व्यापारियों के लिए है क्योंकि OMCs (ऑयल मार्केटिंग कंपनीज) ने आज 1 दिसंबर से 19 किग्रा वाले कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमतें ₹10 घटा दी हैं। पिछले महीने भी होटल, रेस्टोरेंट इत्यादि में इस्तेमाल होने वाले कॉमर्शियल सिलिंडर की कीमत ₹5 कम की गई थी। वहीं घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किग्रा के घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।


ATF Price Hike: महंगा हुआ हवाई जहाज का तेल

इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक आज 1 दिसंबर से एटीफ (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) यानी हवाई ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में घरेलू एयरलाइंस के लिए आज 1 दिसंबर 2025 से एटीएफ की कीमत नवंबर के मुकाबले ₹5133.75 की बढ़ोतरी के साथ प्रति किलोलीटर ₹99,676.77 हो गई है। कोलकाता में नई कीमत प्रति किलोलीटर ₹1,02,371.02 रुपये , मुंबई में ₹93,281.04 और चेन्नई में ₹1,03,301.80 हो गई है। इसका असर हवाई जहाज के टिकटों पर दिख सकता है।

बैंकों में 17 छुट्टियां

इस महीने दिसंबर में दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा रविवार के साप्ताहिक अवकाश को मिलाकर कुल 17 दिन बैंकों में काम-काज नहीं होगा। हालांकि ध्यान दें कि आरबीआई की बैंक हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक छुट्टियां राज्यों के हिसाब से अलग-अलग हैं यानी कि हर राज्य के बैंक 17 दिन नहीं बंद रहेंगे। ऐसे में बैंक से जुड़े काम पर घर से निकलने से पहले यह सु्निश्चित कर लें कि आपका बैंक खुला है। वैसे बता दें कि महीने की शुरुआत ही छुट्टी से हो रही है लेकिन आज सिर्फ अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के ही बैंक बंद है। 25 दिसंबर को देश भर के बैंक बंद है।

UPS: नहीं बढ़ी डेडलाइन

आज 1 दिसंबर से एक अहम बदलाव सरकारी कर्मचारियों से जुड़ा हुआ है। अब उन्हें एनपीएस और यूपीएस में से कोई विकल्प चुनने का मौका नहीं मिलेगा क्योंकि इसकी डेडलाइन बढ़ाई नहीं गई है। यूनिफाइड पेंशन स्‍कीम (UPS) चुनने की डेडलाइन 30 सितंबर से बढ़ाकर 30 नवंबर की गई थी और अब इसे आगे नहीं बढ़ाया गया यानी अब सरकारी कर्मचारियों को इसका मौका नहीं मिलेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।