Business Idea: अगर आप अपनी कमाई बढ़ाने की सोच रहे हैं तो हम आपको एक ऐसा आइडिया दे रहे हैं, जहां नौकरी के साथ आप अपनी कमाई बढ़ा सकते हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि आप रेलवे के साथ बिजनेस शुरू करेंगे। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) रेलवे की एक सर्विस है। इसके जरिए ट्रेन टिकट बुकिंग से लेकर कई सारी सुविधाएं मुहैया कराती है। IRCTC की मदद से हर महीने हजारों रुपये कमा सकते हैं। इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आपको सिर्फ टिकट एजेंट (Ticket Agent)बनना होगा।
जिस तरह रेलवे काउंटरों (Railway ticket counter) पर क्लर्क टिकट काटते हैं। उसी तरह यात्रियों को टिकट काट कर देना होगा। इसके लिए सबसे पहले आपको IRCTC की वेबसाइट पर जाकर एजेंट बनने के लिए अप्लाई करना होगा। उसके बाद आप एक ऑथराइज्ड टिकट बुकिंग एजेंट (Ticket booking agent) बन जाएंगे। फिर आप टिकट बुक कर सकते हैं और लाखों रुपये महीना कमा सकते हैं।
किसी भी यात्री के लिए नॉन एसी कोच का टिकट बुक करने पर 20 रुपये प्रति टिकट और एसी क्लास का टिकट बुक करने पर 40 रुपये प्रति टिकट का कमीशन मिलता है। इसके अलावा टिकट की कीमत का एक फीसदी भी एजेंट को ही दिया जाता है। IRCTC का एजेंट बनने का एक और सबसे बड़ा फायदा ये है कि इसमें टिकट बुक करने की कोई लिमिट नहीं है। महीने में आप चाहे जितनी मर्जी उतनी टिकट बुक कर सकते हैं। इसके अलावा 15 मिनट में तत्काल टिकट बुक करने का भी विकल्प मिलता है। एक एजेंट के तौर पर आप ट्रेन के अलावा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट भी बुक कर सकते हैं।
अगर आप एक साल के लिए एजेंट बनना चाहते हैं तो IRCTC को 3,999 रुपये की फीस भरनी होगी, जबकि दो साल के लिए यह चार्ज 6,999 रुपये है। वहीं, एक एजेंट के तौर पर एक महीने में 100 टिकट बुक करने पर प्रति टिकट 10 रुपये की फीस देनी होगी, जबकि एक महीने में 101 से 300 टिकट बुक करने पर प्रति टिकट 8 रुपये और एक महीने में 300 से ज्यादा टिकट बुक करने पर प्रति टिकट पांच रुपये की फीस देनी होती है।