Government Schemes for Farmers in India: केंद्र सरकार ने किसानों की आमदनी दोगुनी करने और बेहतर जीवन के लिए तरह की योजनाएं चला रही है। इनमें कुछ ऐसी योजनाएं हैं। जिन पर निवेश करने पर बुढ़ापे की लाठी साबित हो सकती है। पेंशन देने से लेकर कई तरह की वित्तीय सहायता मिलती है। इसके अलावा किसानों को उनकी फसल पर बीमा जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। यहां हम आपको तीन ऐसी योजनाएं बता रहे हैं, जो केंद्र सरकार की सबसे ज्यादा बहुचर्चित हैं।
इन योजनाओं में किसान विकास पत्र, पीएम किसान सम्मान निधि और पीएम किसान मानधन शामिल हैं। इनमें कहीं तय समय में पैसा डबल होने की गारंटी है तो कहीं हर महीने पेंशन मिलती है।
किसानों के लिए किसान विकास पत्र (Kisan Vikas Patra - KVP) योजना बेहतर साबित हो सकती है। इस स्कीम में मौजूदा ब्याज दर पर 124 महीनों में पैसा डबल होने की गारंटी है। देश के 1.5 लाख से ज्यादा पोस्ट ऑफिस में किसान विकास पत्र (KVP) की सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है। किसान विकास पत्र स्कीम की सबसे खास बात है कि इस पर चक्रवृद्धि ब्याज मिलती है। इस तरह स्कीम में निवेशकों को कम्पाउंडिंग का फायदा मिलता है। आप इस स्कीम में मात्र 1 हजार रुपये की छोटी राशि से निवेश शुरू कर सकते हैं। इसमें निवेश की कोई अधिकतम सीमा तय नहीं है।
पीएम किसान मानधन योजना का मकसद 60 की उम्र के बाद देश के किसानों के लिए पेंशन मुहैया कराना है। इस स्कीम का लाभ 18 से 40 की उम्र के बीच का कोई भी किसान ले सकता है। उन्हें 60 साल तक कुछ पैसे निवेश करना होता है। यह निवेश उम्र के आधार पर 55 रुपये महीने से 200 रुपये महीने के बीच है। 60 साल की उम्र के बाद किसानों को हर महीने 3,000 रुपये महीना पेंशन मिलेगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) छोटे और सीमांत किसानों को ध्यान में रखकर मोदी सरकार ने शुरू की है। इस योजना के तहत 1 साल में 3 किश्तों में किसानों को 6,000 रुपये मुहैया कराए जाते हैं। हर 4 महीने में किसानों के अकाउंट में 2,000 रुपये ट्रांसफर किए जाते हैं। अब तक किसानों के अकाउंट में 11 किश्तों में पैसे भेजे जा चुके हैं।