महंगाई से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट आने के आसार हैं। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2027 में ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर करीब 70 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकती है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की संभावना है। इससे मिडिल ईस्ट से कच्चे तेल का निर्यात बढ़ेगा। इसका असर क्रूड ऑयल की कीमतों पर पड़ेगा।
10 दिन में ब्रेंट क्रूड का औसत भाव 87 डॉलर पर आएगा
SBI का अनुमान है कि अगले 10 दिनों में ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत करीब 87 डॉलर प्रति बैरल रह सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौता, अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के नतीजों के बाद अनिश्चितता में कमी और मिडिलईस्ट से कच्चे तेल का निर्यात बढ़ने से कीमतें फिर से फरवरी 2026 के करीब 70 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच सकती हैं।
अमेरिका-ईरान की लड़ाई की वजह से क्रूड की कीमतें आसमान में
इस साल फरवरी में अमेरिका और ईरान के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें आसमान में पहुंच गईं। जून में कुछ समय तक ऊंची कीमतों से राहत मिली थी। लेकिन, अमेरिका और ईरान के बीच समझौता टूटने से फिर से कीमतों में उछाल देखने को मिला। दो हफ्ते पहले ब्रेंट क्रूड का भाव 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था।
क्रूड में उछाल से दुनियाभर में बढ़ी है महंगाई
क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल से दुनियाभर में महंगाई बढ़ी है। इससे अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व और आरबीआई सहित कई केंद्रीय बैंकों को इंटरेस्ट रेट बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है। आरबीआई ने अक्तूबर में रेपो रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाया था। अक्तूबर में रिटेल इनफ्लेशन 6 फीसदी के पार जाने के बाद उम्मीद है कि केंद्रीय बैंक दिसंबर की अपनी मॉनेटरी पॉलिसी में भी इंटरेस्ट रेट बढ़ाएगा। इससे होम लोन, कार लोन सहित सभी लोन महंगे होंगे।
क्रूड में तेज गिरावट से भारत को मिलेगी बड़ी राहत
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर क्रूड की कीमतें 70 डॉलर प्रति बैरल तक आ जाती है तो महंगाई पर दबाव घट सकता है। इससे अगले साल केंद्रीय बैंकों के इंटरेस्ट रेट बढा़ने के सिलसिले पर ब्रेक लग सकता है। क्रूड में नरमी खासकर भारत के लिए काफी अहम है, क्योंकि यह क्रूड की अपनी 85 फीसदी जरूरत इंपोर्ट से पूरा करता है। क्रूड में उछाल से इंपोर्ट बिल बढ़ता है। पेट्रोल और डीजल की रिटेल कीमतें भफी बढ़ती हैं। इससे महंगाई को बढ़ावा मिलता है।