आभूषण कारोबारियों का अनुमान है कि इस साल धनतेरस पर सोने की बिक्री के मूल्य में सालाना आधार पर 15-20 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही होगी। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (GJC) के चेयरमैन राजेश रोकड़े का कहना है कि 6 नवंबर को धनतेरस पर देश भर में सोने का कुल कारोबार करीब 60,000 करोड़ रुपये रहने का शुरुआती अनुमान है। हालांकि अपेक्षाकृत ऊंची कीमतों के कारण बिक्री की मात्रा पिछले साल के लगभग बराबर ही रह सकती है।
