EPFO Portal Updates: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अपने मेंबर्स की सहूलियत के लिए मेंबर पोर्टल को नए फीचर्स और सुविधाओं के साथ अपडेट किया है। अब ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स को पीएफ निकालने, UAN एक्टिवेट करने, या KYC अपडेट करने जैसे जरूरी कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने या बार-बार एंप्लॉयर पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है।
नए अपडेटेड पोर्टल पर शिकायत निवारण प्रक्रिया को सुधारा गया है और कई सेवाओं को बेहद आसान बना दिया गया है।
EPFO Portal: कौन-कौन सी सेवाएं अब मिल रही हैं ऑनलाइन?
नए डिजिटल इंटरफेस पर मेंबर्स को मिलने वाली मुख्य सुविधाएं और उनकी जरूरी शर्तें ये हैं:
1- UAN एक्टिवेशन: मेंबर्स अब UMANG ऐप पर आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए अपना नया UAN जनरेट और एक्टिवेट कर सकते हैं। इसके लिए आधार और उससे लिंक मोबाइल नंबर जरूरी है।
2- ऑनलाइन PF निकासी: बीमारी, पढ़ाई, शादी या घर खरीदने जैसे कारणों से एडवांस निकासी और फाइनल पीएफ सेटलमेंट के लिए ऑनलाइन क्लेम फाइल किया जा सकता है। इसके लिए एक्टिव UAN और पूरा KYC होना अनिवार्य है।
3- E-नॉमिनेशन सुविधा: मेंबर्स अपने परिवार के सदस्यों को पीएफ और पेंशन लाभ के लिए नॉमिनी जोड़ या बदल सकते हैं, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को क्लेम लेने में परेशानी न हो।
4- KYC और बैंक डिटेल अपडेट: अपने UAN से आधार, पैन और बैंक खाते के विवरण को आसानी से जोड़ा या अपडेट किया जा सकता है।
5- PF ट्रांसफर सर्विस: नई नौकरी जॉइन करने पर पुरानी कंपनी से नई कंपनी में पीएफ फंड और सर्विस रिकॉर्ड को ऑनलाइन ट्रांसफर किया जा सकता है।
6- ई-पासबुक डाउनलोड: एंप्लॉयर और एंप्लॉय के योगदान, ब्याज और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री को देखने व डाउनलोड करने की सुविधा।
7- डेथ क्लेम्स: किसी सदस्य के निधन की स्थिति में पात्र नॉमिनी या परिवार के सदस्य पीएफ, पेंशन और इंश्योरेंस (EDLI) से जुड़े दावों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किसी भी क्लेम से पहले ये बातें जरूर चेक करें
ईपीएफओ सेवाओं का बिना किसी रुकावट के फायदा उठाने के लिए सब्सक्राइबर्स को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए:
आधार-मोबाइल लिंक: आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना बेहद जरूरी है, क्योंकि सभी ऑनलाइन सेवाओं के लिए OTP इसी नंबर पर आता है।
जॉइनिंग और एग्जिट डेट: नौकरी छोड़ने के बाद पोर्टल पर एग्जिट डेट का सही अपडेट होना जरूरी है, वर्ना फाइनल पीएफ सेटलमेंट का क्लेम रिजेक्ट हो सकता है।
सटीक KYC डिटेल्स: UAN में दर्ज नाम, जन्मतिथि और जेंडर का विवरण आधार के डेटा से बिल्कुल मेल खाना चाहिए।
पोर्टल पर अपनी KYC जानकारी को अपडेट रखना और e-नॉमिनेशन पूरा करना भविष्य में पीएफ ट्रांसफर या निकासी के समय होने वाली अनावश्यक देरी से बचाता है। आज ही अपने UAN में लॉगिन कर अपने खाते के सभी विवरणों की जांच जरूर कर लें।