₹9,000 मंथली फैमिली पेंशन के लिए क्या आप हैं एलिजिबल? सरकार ने साफ किए नियम, जानें इनकम लिमिट और शर्तें

Family ₹9,000 Pension Eligibility: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए सरकार ने फैमिली पेंशन से जुड़े नियमों को पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है। नए दिशा-निर्देशों के तहत पात्रता, आय सीमा और वित्तीय निर्भरता की शर्तों को आसान भाषा में समझाया गया है। किस पारिवारिक सदस्य को कितना फायदा मिलेगा और किन शर्तों को पूरा करना होगा? जानिए पूरा ब्योरा

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 12:15 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
नियमों के मुताबिक, कानूनी रूप से विवाहित जीवनसाथी बिना किसी आय प्रतिबंध के फैमिली पेंशन पाने के हकदार हैं

Family Pension Eligibility Rules: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के निधन के बाद उनके परिवार को मिलने वाली फैमिली पेंशन को लेकर केंद्र सरकार ने नियम पूरी तरह स्पष्ट कर दिए हैं। पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने 29 अक्टूबर 2026 को एक अहम स्पष्टीकरण जारी कर बताया है कि किन पारिवारिक सदस्यों के लिए आय सीमा और वित्तीय निर्भरता की शर्तें लागू होंगी।

नियमों के मुताबिक, कानूनी रूप से विवाहित जीवनसाथी बिना किसी आय प्रतिबंध के फैमिली पेंशन पाने के हकदार हैं। वैसे परिवार के अन्य पात्र सदस्यों जैसे-अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा बेटियों, आश्रित माता-पिता और दिव्यांग बच्चों या भाई-बहनों को इसके लिए निर्धारित इनकम लिमिट और निर्भरता की शर्तों को पूरा करना होगा।

किसके लिए क्या है इनकम लिमिट?


फैमिली पेंशन के लिए मासिक आय की सीमा दावेदार के मृतक कर्मचारी या पेंशनभोगी से रिश्ते पर निर्भर करती है। केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 2021 के नियम 50(11) के तहत:

कानूनी रूप से विवाहित जीवनसाथी: कोई आय सीमा नहीं

अन्य पात्र सदस्य (अविवाहित/विधवा/तलाकशुदा बेटियां, आश्रित माता-पिता, संतानहीन पुनर्विवाहित विधवा): ₹9,000 प्रति माह + लागू महंगाई राहत (DR) से कम होनी चाहिए (यह वर्तमान न्यूनतम फैमिली पेंशन के बराबर है)

मानसिक या शारीरिक रूप से दिव्यांग बच्चे और भाई-बहन: उन्हें मिलने वाली संभावित फैमिली पेंशन की राशि (वर्तमान में कर्मचारी के वेतन का 30% + लागू DR) से कम होनी चाहिए

क्या जीवनसाथी पर भी लागू होती है इनकम लिमिट?

नहीं। नियमों के तहत कानूनी रूप से विवाहित जीवनसाथी को फैमिली पेंशन पाने के लिए किसी भी आय सीमा से छूट दी गई है। यानी उनकी खुद की कमाई कितनी भी हो, वे फैमिली पेंशन के पात्र बने रहेंगे।

हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि संतानहीन पुनर्विवाहित विधवा इस छूट के दायरे में नहीं आती हैं। उन्हें फैमिली पेंशन जारी रखने के लिए अन्य पात्र पारिवारिक सदस्यों पर लागू होने वाली निर्धारित आय सीमा (₹9,000 + DR से कम) की शर्त को पूरा करना होगा।

किन सदस्यों को साबित करनी होगी वित्तीय निर्भरता?

DoPPW ने स्पष्ट किया है कि परिवार के कुछ सदस्यों को यह साबित करना अनिवार्य होगा कि वे अपने भरण-पोषण के लिए मृतक सरकारी कर्मचारी या पेंशनभोगी पर आर्थिक रूप से निर्भर थे। इस श्रेणी में निम्नलिखित सदस्य शामिल हैं:

  • अविवाहित, विधवा और तलाकशुदा बेटियां
  • आश्रित माता-पिता
  • दिव्यांग भाई-बहन

विभाग ने यह भी साफ किया है कि वित्तीय निर्भरता तय करने के लिए मौद्रिक सीमाएं वही हैं, जो यह आकलन करने के लिए तय की गई हैं कि कोई सदस्य अपनी आजीविका कमा रहा है या नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।