FD Calculator: एफडी में पैसा लगाते समय ये 5 गलतियां न करें, वरना कम हो जाएगी ब्याज की कमाई
FD Calculator: FD में निवेश करते समय की गई छोटी गलतियां आपकी ब्याज से होने वाली कमाई घटा सकती हैं। जानिए, बैंक की ब्याज दरों की तुलना से लेकर FD रिन्यू कराने तक की 5 गलतियां, जिनसे निवेशकों को बचना चाहिए।
FD से मिलने वाला ब्याज आपकी कुल आय में जुड़ता है। इस पर आपके इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है।
FD Calculator: फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को सुरक्षित निवेश के अच्छे विकल्पों में गिना जाता है। इसमें निवेश करने पर तय ब्याज मिलता है। बाजार में उतार-चढ़ाव का सीधा असर आपके रिटर्न पर नहीं पड़ता। यही वजह है कि बड़ी संख्या में लोग अपनी बचत का कुछ हिस्सा FD में रखते हैं।
हालांकि, सिर्फ FD करा लेने से ज्यादा कमाई की गारंटी नहीं मिलती। निवेश का समय, ब्याज लेने का तरीका और टैक्स जैसे पहलुओं पर ध्यान देना भी जरूरी है। कई बार छोटी-सी लापरवाही से ब्याज की कमाई घट जाती है। आइए, FD से जुड़ी ऐसी 5 गलतियों को समझते हैं।
1. बिना तुलना किए FD करा लेना
कई लोग अपने पुराने बैंक में ही FD करा लेते हैं। वे दूसरे बैंकों की ब्याज दरें नहीं देखते। इससे कम कमाई हो सकती है।
उदाहरण के लिए, आप ₹5 लाख की FD तीन साल के लिए कराना चाहते हैं। एक बैंक 6.5% और दूसरा 7.5% ब्याज दे रहा है। सालाना चक्रवृद्धि ब्याज के हिसाब से तीन साल बाद पहली FD करीब ₹6.04 लाख और दूसरी करीब ₹6.22 लाख हो जाएगी। यानी करीब ₹18,000 का अंतर। इसलिए FD कराने से पहले अलग-अलग बैंकों की दरें जरूर जांचनी चाहिए।
2. पूरी रकम एक ही FD में डाल देना
मान लीजिए आपके पास ₹10 लाख हैं और आपने पूरी रकम पांच साल के लिए जमा कर दी। लेकिन दो साल बाद अचानक ₹3 लाख की जरूरत पड़ गई। ऐसे में FD तोड़नी पड़ सकती है। बैंक समय से पहले निकासी पर पेनल्टी लगा सकता है।
इससे बचने के लिए रकम को अलग-अलग अवधि की FD में बांट सकते हैं। जैसे ₹10 लाख की पांच FD, प्रत्येक ₹2 लाख की। इनकी अवधि एक से पांच साल तक रख सकते हैं। इसे FD Laddering कहते हैं। इससे जरूरत पड़ने पर पूरी रकम निकालने की जरूरत नहीं होगी।
3. ब्याज भुगतान का गलत विकल्प चुनना
FD में ब्याज लेने के दो विकल्प होते हैं। पहला, हर महीने या तिमाही ब्याज लेना। दूसरा, ब्याज को मूल रकम में जोड़कर दोबारा निवेश करना। इसे क्युमुलेटिव FD कहते हैं।
अगर आपको नियमित आमदनी चाहिए तो ब्याज भुगतान वाला विकल्प चुन सकते हैं। लेकिन अगर तुरंत पैसों की जरूरत नहीं है और रकम बढ़ाना चाहते हैं, तो क्युमुलेटिव FD बेहतर हो सकती है। इसमें ब्याज पर भी ब्याज मिलता है।
4. ब्याज पर लगने वाले टैक्स को नजरअंदाज करना
FD से मिलने वाला ब्याज आपकी कुल आय में जुड़ता है। इस पर आपके इनकम टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स लगता है।
उदाहरण के लिए, FD से सालभर में ₹50,000 ब्याज मिला और आप 30% टैक्स स्लैब में हैं, तो करीब ₹15,000 टैक्स बन सकता है। यानी आपके पास लगभग ₹35,000 बचेंगे। इसलिए FD चुनते समय टैक्स के बाद मिलने वाले रिटर्न का हिसाब भी लगाएं। TDS कटना ही अंतिम टैक्स नहीं होता।
5. मैच्योरिटी पर बिना जांचे FD रिन्यू कर देना
कई लोग FD मैच्योर होने पर उसे अपने आप रिन्यू करा देते हैं। वे नई ब्याज दरों की तुलना नहीं करते।
मान लीजिए आपने तीन साल पहले 7.5% ब्याज पर FD कराई थी। अब मैच्योरिटी पर बैंक सिर्फ 6.5% ब्याज दे रहा है। बिना जांचे रिन्यू कराने पर अगले तीन साल कम कमाई होगी। इसलिए FD मैच्योर होने से पहले दूसरे बैंकों की दरें जरूर देखें।
FD कराते समय इन बातों का भी रखें ध्यान
FD को पूरी तरह जोखिम-मुक्त मानना सही नहीं है। बैंक में जमा रकम पर DICGC की ओर से प्रति जमाकर्ता, प्रति बैंक अधिकतम ₹5 लाख तक का बीमा कवर मिलता है। इसमें मूल रकम और ब्याज दोनों शामिल होते हैं। यह सीमा एक ही बैंक में आपकी सभी पात्र जमाओं को मिलाकर लागू होती है।
इसलिए बड़ी रकम जमा करते समय बैंक और जमा बीमा की सीमा को समझना जरूरी है। साथ ही, FD में निवेश से पहले ब्याज दर, अवधि, समय से पहले निकासी और टैक्स के नियमों की तुलना करनी चाहिए। सही योजना के साथ FD आपकी बचत को सुरक्षित रखने और तय रिटर्न पाने का उपयोगी विकल्प बन सकती है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।