Gold Price MCX: सोने की कीमतों में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को लगातार तीसरे सेशन में गोल्ड फ्यूचर्स टूटे और MCX पर एक ही दिन में 3016 रुपये सस्ते होकर 131207 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए। मजबूत अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें और बढ़ाने की उम्मीदों ने कीमती धातुओं पर बिकवाली का दबाव बढ़ा दिया है।
MCX पर 2.25 फीसदी टूटा सोना
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स 3016 रुपये यानी 2.25 फीसदी गिरकर 131207 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गए। यह लगातार तीसरा सेशन है, जब सोने में गिरावट आई है।
PTI से बात करते हुए, निवेश प्लेटफॉर्म Lemonn के हेड ऑफ रिसर्च गौरव गर्ग कहते हैं कि गोल्ड फ्यूचर्स में तेज करेक्शन देखने को मिल रहा है। कीमती धातुओं में चौतरफा बिकवाली के बीच सोना 1.3 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास घूम रहा है, जो एक साल से भी ज्यादा समय का सबसे निचला स्तर है। गौरव गर्ग ने कहा कि सोने पर सबसे बड़ा दबाव मजबूत अमेरिकी डॉलर से आ रहा है, जो 19 महीने के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है।
विदेशी बाजार में 3800 डॉलर के नीचे फिसला
कमजोरी सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रही। विदेशी बाजार में Comex पर दिसंबर डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स 91.30 डॉलर यानी 2.36 फीसदी गिरकर 3772.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गए।
निवेश प्लेटफॉर्म Mudrex के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत ने कहा, "विदेशी बाजार में गोल्ड फ्यूचर्स बुधवार को 3800 डॉलर प्रति औंस के नीचे फिसल गए, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है, क्योंकि फेडरल रिजर्व के अधिकारियों ने ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की वकालत की और डॉलर 19 महीने के ऊंचे स्तर के करीब बना रहा।"
शेयर बाजार की गिरावट का असर सोने पर भी
Motilal Oswal Financial Services के कमोडिटीज एनालिस्ट मानव मोदी ने एक और वजह बताई। उनके मुताबिक, शेयर बाजार में टेक्नोलॉजी शेयरों की अगुवाई में चल रहे करेक्शन ने अलग-अलग एसेट्स में बिकवाली शुरू करा दी है। निवेशक दूसरी जगह हुए नुकसान की भरपाई के लिए कीमती धातुएं बेच रहे हैं।
इसके साथ ही पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव भी कीमती धातुओं की कीमतों पर असर डालने वाला एक अहम फैक्टर बना हुआ है।
आगे किन बातों पर रहेगी नजर
मानव मोदी के मुताबिक, बाजार के जानकार फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयानों, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड, डॉलर की चाल और पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर नजर बनाए रखेंगे। उनका कहना है कि भू-राजनीतिक जोखिम, मौद्रिक नीति से आ रहे दबाव के खिलाफ सोने को कुछ सहारा दे सकते हैं।