Gold Price Today: गोल्ड में 10 जुलाई को देश और विदेश में गिरावट आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.1 फीसदी गिरकर 4,115.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। यूएस गोल्ड फ्यूचर्स (अगस्त डिलीवरी) भी 0.4 फीसदी की कमजोरी के साथ 4,124.90 डॉलर प्रति औंस था। इस हफ्ते गोल्ड में 1.4 फीसदी की गिरावट दिख रही है। इधर, भारत में भी गोल्ड फ्यूचर्स में गिरावट दिखी। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स पर गोल्ड फ्यूचर्स 0.55 फीसदी यानी 800 रुपये गिरकर 1,44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था।
क्रूड में उछाल ने बढ़ाया गोल्ड पर दबाव
एनालिस्ट्स का कहना है कि अमेरिका-ईरान में टेंशन बढ़ने का असर क्रूड की कीमतें पर पड़ रहा है। क्रूड में उछाल से इनफ्लेशन बढ़ने का खतरा है। इनफ्लेशन बढ़ने पर अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व इंटरेस्ट रेट बढ़ा सकता है। इसका गोल्ड की कीमतों पर खराब असर पड़ेगा। इंटेरस्ट रेट बढ़ने पर गोल्ड की चमक घट जाती है। इंटरेस्ट रेट घटने पर गोल्ड की चमक बढ़ जाती है। गोल्ड में तेजी टिक नहीं पा रही है। कई हफ्तों के बाद पिछले हफ्ते गोल्ड में तेजी आई थी। लेकिन, इस हफ्ते गोल्ड फिर से दबाव में दिख रहा है।
कीमतें गिरने पर दिख सकती है खरीदारी
केसीएम ट्रेड में चीफ मार्केट एनालिस्ट टिम वाटरर ने कहा, "9 जुलाई को आई तेजी के बाद आज गोल्ड में कंसॉलिडेशन दिख रहा है। अमेरिका-ईरान के बीच टेंशन से अनिश्चितता बढ़ी है, जिससे ट्रेडर्स गोल्ड में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे।" उन्होंने कहा कि अगर क्रूड ऑयल की कीमतें मौजूदा लेवल पर बनी रहती हैं तो गोल्ड की कीमतों में गिरावट पर खरीदारी दिख सकती है। अगर ऑयल की कीमतें बढ़ती हैं तो इनफ्लेशन बढ़ने का खतरा पैदा होगा, जो गोल्ड की कीमतों के लिए खराब होगा।
फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख ने बढ़ाई चिंता
अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की जून की मीटिंग के मिनट्स आ गए हैं। इससे पता चलता है कि फेडरल रिजर्व इनफ्लेशन के हाई लेवल को लेकर चिंतित है। अगर फेडरल रिजर्व इंटरेस्ट रेट बढ़ाता है तो गोल्ड में गिरावट आ सकती है। एचएसबीसी ने 9 जुलाई को साल 2026 और 2027 के लिए गोल्ड की कीमतों के अपने अनुमान को घटा दिया है। उसने कहा है कि फेड की आक्रामक पॉलिसी और डॉलर में मजबूती की वजह से उसने ऐसा किया है।
एचएसबीसी ने घटाया गोल्ड की कीमतों का अनुमान
HSBC ने कहा है कि 2026 में गोल्ड की औसत कीमत 4,560 डॉलर प्रति औंस रह सकती है। पहले उसने गोल्ड की कीमतों के लिए 4,864 डॉलर प्रति औंस का अनुमान दिया था। उसने 2027 में गोल्ड की औसत कीमत 4,925 डॉलर प्रति औंस रहने का अनुमान जताया है। पहले उसने अगले साल गोल्ड की कीमत के लिए 5000 डॉलर का अनुमान दिया था। उसने कहा है कि इस साल के बाकी महीनों में गोल्ड की कीमतें 3,800-4,700 डॉलर प्रति औंस के बीच रह सकती हैं। इस साल के अंत में कीमत 4,750 डॉलर तक जा सकती है। अगले साल के अंत तक कीमत 5,025 डॉलर प्रति औंस तक जा सकती है।