सोने की कीमतों में उतारचढ़ाव से इनवेस्टर्स कनफ्यूज्ड हैं। 12 मई को गोल्ड गिरकर 93,080 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। 13 मई को फिर से इसमें तेजी दिखी, जिससे कीमत 94,344 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। 14 मई को फिर से इसमें गिरावट दिखी। ऐसे में निवेशकों को यह समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें अभी सोने में निवेश करना चाहिए या कुछ पैसे निकाल लेने चाहिए। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
देश और विदेश में सोने में बड़ी गिरावट
14 मई को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में गिरावट देखने को मिली। Spot Gold 0.4 फीसदी गिरकर 3,234 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। US Gold Futures 0.3 फीसदी की कमजोरी के साथ 3,237 डॉलर प्रति औंस चल रहा था। इधर, इंडिया में भी सोने में गिरावट देखने को मिली। MCX में शुरुआती कारोबार में Gold Futures 0.34 फीसदी यानी 392 रुपये गिरकर 93,255 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा था।
सोने की कीमतों में गिरावट की वजह
एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर खत्म हो जाने से गोल्ड की चमक घटी है। कैपिटल डॉट कॉम की फाइनेंशियल मार्केट एनालिस्ट काइले रोडा ने कहा, "अमेरिका की ट्रेड पॉलिसी में पॉजिटिव बदलाव से शॉर्ट टर्म में गोल्ड की चमक फीकी पड़ रही है। अमेरिका की कई और देशों से डील के लिए बातचीत चल रही है। इससे गोल्ड में और गिरावट दिख सकती है। ऐसे में 3,200 डॉलर का लेवल सपोर्ट के लिहाज से काफी अहम है।"
शॉर्ट टर्म में गोल्ड की कीमतों पर रहेगा दबाव
Way2Wealth ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि MCX में गोल्ड फ्यूचर्स में उतारचढ़ाव जारी रह सकता है। गोल्ड के लिए सपोर्ट का लेवल 92,200 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि रेसिस्टेंस का लेवल 97,000 रुपये प्रति 10 ग्राम है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि शॉर्ट टर्म में भले ही गोल्ड की कीमतों पर दबाव दिख सकता है। लेकिन, लंबी अवधि के लिहाज से गोल्ड का आउटलुक पॉजिटिव है। इसलिए गोल्ड की कीमतों में उतारचढ़ाव से निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है। चूंकि, गोल्ड इस साल काफी ज्यादा चढ़ चुका है, जिससे इसमें कुछ करेक्शन आ सकता है।
फाइनेंशियल एडवाइजर्स का कहना है कि अगर गोल्ड में करेक्शन आता है तो यह इनवेस्टर्स के लिए अच्छा है। हर गिरावट के मौके का इस्तेमाल गोल्ड में खरीदारी के लिए किया जा सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इनवेस्टर्स को 10-15 फीसदी निवेश गोल्ड में रखना चाहिए। इसका मतलब है कि अगर आपको 100 रुपये निवेश करना है तो कम से कम 10 से 15 रुपये का निवेश आपको गोल्ड में करना चाहिए। यह निवेश लंबी अवधि के लिहाज से होना चाहिए।
यह भी पढ़ें: स्मॉल सेविंग्स स्कीम या Fixed Deposit, किसमें निवेश करने में ज्यादा फायदा?
गोल्ड में ऐसे कर सकते हैं निवेश
आप गोल्ड के ज्वैलरी के अलावा गोल्ड ईटीएफ और म्यूचुअल फंड्स की गोल्ड स्कीम में भी निवेश कर सकते हैं। यह निवेश घर बैठे किया जा सकता है। आप SIP से भी यह निवेश कर सकते हैं। इसमें हर महीने एक फिक्स्ड अमाउंट गोल्ड में निवेश होगा। इससे आपके निवेश पर गोल्ड की कीमतों में उतारचढ़ाव का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। जरूरत पड़ने पर आप गोल्ड में अपने निवेश को निकाल भी सकते हैं।