Gold Silver Price: इस हफ्ते कैसी रहेगी सोने-चांदी की चाल, किन फैक्टर पर रहेगी नजर? जानिए एक्सपर्ट से
Gold Silver Price: अगले हफ्ते सोना-चांदी तेज रह सकते हैं। चांदी नए रिकॉर्ड पर है, जबकि सोने को रेट-कट उम्मीदों से सपोर्ट मिल रहा है। एक्सपर्ट से जानिए कि इस हफ्ते सोने-चांदी के दाम पर किन फैक्टर का असर होगा और कीमतों में कहां तक जा सकती हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में Comex गोल्ड इस हफ्ते 11.9 डॉलर या 0.28% गिरा।
Gold Silver Price: अगले हफ्ते सोने की कीमतें मजबूत रहने की संभावना है। एनालिस्टों का कहना है कि निवेशकों का ध्यान अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पॉलिसी पर है। वहीं, रुपये की कमजोरी भी सोने को सपोर्ट दे रही है। ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और सेंट्रल बैंकों की लगातार हो रही गोल्ड खरीदारी भी कीमतों को मजबूत बनाए हुए है।
JM Financial Services के प्रणव मेर के मुताबिक, ट्रेडर्स की नजर FOMC मीटिंग, फेड चेयर जेरोम पॉवेल की टिप्पणी, चीन के ट्रेड और महंगाई के आंकड़ों और अमेरिकी जॉब्स डेटा पर रहेगी। ये सभी फैक्टर सोने की दिशा तय करेंगे।
भारतीय बाजार में सोना ज्यादा मजबूत
इस हफ्ते MCX पर गोल्ड फ्यूचर्स 958 रुपये यानी 0.74% चढ़ा, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार से ज्यादा है। Angel One के पृथमेश माल्या का कहना है कि रुपये के 90 के स्तर पर पहुंचने से भारत में सोना महंगा हुआ है। इसी वजह से घरेलू बाजार में सोने की बढ़त Comex गोल्ड की तुलना में अधिक रही।
माल्या का यह भी मानना है कि रेट कट, सेंट्रल बैंकों की बढ़ती मांग और फंड हाउसों की खरीदारी से आने वाले हफ्ते में भी सोना तेजी दिखा सकता है।
इंटरनेशनल मार्केट में हल्की गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में Comex गोल्ड इस हफ्ते 11.9 डॉलर या 0.28% गिरा। इसके बावजूद डॉलर की कमजोरी और फेड की रेट-कट उम्मीदों ने गोल्ड को सपोर्ट दिया। प्रणव मेर ने बताया कि इस हफ्ते सोना एक रेंज में ट्रेड करता रहा, लेकिन कमजोर डॉलर और संभावित रेट कट की उम्मीदों से कीमतें नीचे नहीं फिसलीं।
चांदी ने सोने को पीछे छोड़ा
चांदी इस हफ्ते सोने से कहीं ज्यादा मजबूत रही। इंडस्ट्रियल डिमांड की वजह से इसकी कीमतों में जोरदार तेजी आई है। MCX पर सिल्वर फ्यूचर्स 8,427 रुपये यानी 4.81% उछले। शुक्रवार को चांदी 7,096 रुपये या 3.98% चढ़कर 1,85,234 रुपये प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
LGT Wealth India के चिराग दोशी के मुताबिक, हफ्ते की शुरुआत में चांदी लगभग 1.80 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर को छू चुकी थी। उसके बाद कीमतों में थोड़ी नरमी जरूर आई, लेकिन मासिक आधार पर अभी भी जोरदार बढ़त बनी हुई है। दोशी ने कहा कि तेज उछाल के दौरान ट्रेडर्स प्रॉफिट बुकिंग भी कर रहे हैं।
ग्लोबल मार्केट में भी चांदी का धमाका
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी ने जोरदार बढ़त दर्ज की। इस हफ्ते Comex सिल्वर 1.89 डॉलर यानी 3.30% बढ़ा। शुक्रवार को यह 2.4 डॉलर यानी 4.19% उछलकर 59.90 डॉलर प्रति औंस के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया।
प्रणव मेर ने बताया कि इंटरनेशनल मार्केट में चांदी 60 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंचने लगी है और भारत में यह लगभग 1.90 लाख रुपये प्रति किलो तक चढ़ गई। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्रियल डिमांड और सप्लाई की टाइट स्थिति चांदी को और ऊपर ले जा रही है। मेर का अनुमान है कि शॉर्ट टर्म में चांदी 2,00,000 से 2,25,000 रुपये प्रति किलो तक जा सकती है।
अगले हफ्ते बुलियन मार्केट क्यों अहम रहेगा?
एनालिस्टों का कहना है कि अगले हफ्ते सोना और चांदी की दिशा मुख्य रूप से इन फैक्टर्स से तय होगी।
फेडरल रिजर्व की पॉलिसी से जुड़े संकेत
चीन और अमेरिका का आर्थिक डेटा
डॉलर के मुकाबले रुपये की चाल
इन तीनों फैक्टर के आधार पर अगले हफ्ते बुलियन बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिल सकती है।
Disclaimer:मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।