Gold-Silver Price: सोने का दाम लगातार पांचवें दिन गिरा, चांदी भी ₹5000 सस्ती

Gold-Silver Price: दिल्ली में सोना लगातार पांचवें दिन सस्ता हुआ, जबकि चांदी भी ₹5,000 टूट गई। लेकिन क्या गिरावट अभी थमेगी? LKP Securities के जतिन त्रिवेदी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में और कमजोरी की आशंका जताई है। जानिए घरेलू कीमतों की अगली संभावित रेंज और निवेशकों के लिए इसका क्या मतलब है।

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 7:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, बाजार की नजर अब केविन वार्श के भाषण और अमेरिका के रिटेल सेल्स डेटा पर रहेगी।

Gold-Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार को फिर गिरावट आई। दिल्ली के सराफा बाजार में सोना ₹900 सस्ता होकर ₹1.40 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यह लगातार पांचवां कारोबारी सत्र है, जब सोने की कीमत गिरी है।

रुपये में मजबूती और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी का असर घरेलू कीमतों पर पड़ा। शुक्रवार को 24 कैरेट वाला सोना ₹1,40,900 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी ₹5000 टूटकर ₹1.79 लाख पर आई


सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। सोमवार को चांदी ₹5,000 टूटकर ₹1.79 लाख प्रति किलोग्राम पर आ गई। पिछले कारोबारी सत्र में इसकी कीमत ₹1.84 लाख प्रति किलोग्राम थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी

विदेशी बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव रहा। स्पॉट गोल्ड 10.87 डॉलर यानी 0.28% गिरकर 3,873.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी की कीमत 2% गिरकर 47.82 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

रुपये में मजबूती से सोने पर दबाव

सोने की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह रुपये में मजबूती भी रही। सोमवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 27 पैसे मजबूत होकर 93.92 (प्रोविजनल) पर बंद हुआ।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी, घरेलू शेयर बाजार में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से रुपये को सहारा मिला। रुपये की मजबूती से आयात की लागत घटने की उम्मीद रहती है। इसका असर सोने की घरेलू कीमतों पर भी पड़ सकता है।

आगे सोने में और गिरावट की आशंका

LKP Securities के VP रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी और करेंसी) जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, डॉलर में मजबूती और रुपये में तेजी से घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। सोना करीब ₹2,000 गिरकर ₹1,34,700 पर आ गया है।

उनका कहना है कि COMEX पर सोने का भाव 3,875 डॉलर प्रति औंस के नीचे फिसलने से टेक्निकल आउटलुक कमजोर हुआ है। आने वाले हफ्तों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,550 से 3,600 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है।

अब किन बातों पर रहेगी नजर

जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, बाजार की नजर अब केविन वार्श के भाषण और अमेरिका के रिटेल सेल्स डेटा पर रहेगी। इनसे फेडरल रिजर्व की आगे की ब्याज दर नीति को लेकर संकेत मिल सकते हैं।

उन्होंने कहा कि घरेलू बाजार में सोने की कीमत ₹1,32,000 से ₹1,36,000 के दायरे में रह सकती है। ऐसे में उन्होंने निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने की सलाह दी है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।