दिल्ली सर्राफा बाजार में 10 नवंबर को सोने में गिरावट आई। चांदी की कीमतों में बदलाव नहीं हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में कमजोरी का असर इनकी घरेलू कीमतों पर पड़ा। सोना 500 रुपये गिरकर 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बनी रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 27.59 डॉलर यानी करीब 1 फीसदी गिरकर 4,113.55 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं,स्पॉट सिल्वर 1 फीसदी से ज्यादा टूटकर 52.77 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डॉलर में स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में कमजोरी का असर घरेलू बाजार की कीमतों पर पड़ा।
दिवाली के दौरान भी सोने की खरीदारी सुस्त
ट्रेडर्स का कहना है कि दिवाली के दौरान घरेलू बाजार में सोने की खरीदारी उम्मीद से कमजोर रही। आमतौर पर त्योहारों के दौरान सोने की मांग बढ़ती है, लेकिन इस बार ऊंची कीमतों के कारण खरीदारों की दिलचस्पी सीमित रही। इससे भी सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा।
अमेरिका में इनफ्लेशन के डेटा पर नजरें
Mudrex के लीड क्वांट एनालिस्ट अक्षत सिद्धांत के मुताबिक, पिछले कारोबारी सत्र में 1 फीसदी की तेजी के बाद सोना फिलहाल 4,100 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई की चिंताएं कुछ कम हुई हैं। बाजार की नजर अब अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है।
क्रूड ऑयल की कीमतों में तेज गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया। इसकी कीमत 2.72 डॉलर यानी करीब 3 फीसदी गिरकर 89.85 डॉलर प्रति बैरल थी। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष खत्म होने की दिशा में प्रगति की उम्मीद से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है।
महंगाई बढ़ी तो फेड बढ़ा सकता है इंटरेस्ट रेट
विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों की नजर अब अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर है। इन आंकड़ों से अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की रणनीति के संकेत मिल सकते हैं। अगर महंगाई के आंकड़े उम्मीद से ज्यादा रहते हैं तो ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद भी बढ़ेगी। इसका असर सोने की कीमतों पर पड़ सकता है। वहीं, महंगाई में नरमी और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद सोने को सपोर्ट दे सकती है।