अब पौधे खरीदने के लिए न बाजार के चक्कर लगाने की जरूरत है, न ही जेब ढीली करने की। दिल्ली सरकार लेकर आई है एक शानदार स्कीम जिसमें आप घर बैठे बिल्कुल मुफ्त में पौधे पा सकते हैं। बस कुछ क्लिक कीजिए और अपने मनपसंद पौधे अपने नजदीकी सरकारी नर्सरी से उठाइए या घर पर डिलीवर करा सकते हैं। अगर आप भी अपने घर को हरे-भरे पौधों से सजाना चाहते हैं। लेकिन पौधे खरीदने की कीमत या नहीं मिलने के कारण फंस जाते हैं तो अब आपकी ये चिंता खत्म हो सकती है।
यह योजना दिल्ली को पर्यावरण के लिहाज से बेहतर बनाने और लोगों को पेड़-पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक अहम कदम है। दिल्ली सरकार ने एक नई पहल की है, जिसके तहत लोग बिना कोई पैसा खर्च किए घर बैठे पौधे मंगवा सकते हैं। खास बात ये है कि यह पूरा प्रोसेस ऑनलाइन है और बेहद आसान भी है।
फ्री पौधे मंगवाने का तरीका क्या है?
इस सर्विस का लाभ लेने के लिए आपको सबसे पहले दिल्ली सरकार की वेबसाइट dillifreetree.eforest.delhi.gov.in पर जाना होगा। यहां साइन इन पर क्लिक करके अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा है। आपको अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर जैसी जरूरी जानकारी भरनी होती है। रजिस्ट्रेशन के बाद लॉगिन ऑप्शन पर क्लिक कर के आप अपने अकाउंट में लॉगिन कर सकते हैं। लॉगिन करने के बाद आपको पौधों की एक लिस्ट दिखाई देगी, जिसमें से आप अपनी पसंद के पौधे चुन सकते हैं।
इसके बाद आपको अपने नजदीकी नर्सरी का चुनाव करना होगा, जहां से ये पौधे आपको मिलेंगे। दिल्ली में कुल 15 सरकारी नर्सरियां हैं, जहां से आप ये पौधे मुफ्त में ले सकते हैं। ऑर्डर सबमिट करने के बाद आपको तय नर्सरी से पौधे मिल जाएंगे, कुछ जगहों पर होम डिलीवरी भी हो रही है।
कहां-कहां से मिल सकते हैं पौधे?
दिल्ली में कई नर्सरियों से आप फ्री पौधे ले सकते हैं। इनमें अलीपुर, आनंद विहार, तुगलकाबाद की अरावली नर्सरी, आईटीओ, कमला नेहरू रिज, खड़खड़ी जटमल, कोंडली, बिड़ला मंदिर, दिल्ली कैंट की बरार स्क्वायर, हौज रानी, ममूरपुर, पूठ कलां, कुतुबगढ़, रेवला खानपुर और मेडिसिनल प्लांट नर्सरी तुगलकाबाद नर्सरी शामिल है। अगर आप भी घर या बालकनी में हरियाली लाना चाहते हैं, तो इस फ्री सर्विस का फायदा उठाएं।