भारतीय यात्रियों के लिए अब काकेशस एरिया में जाना पहले से आसान हो जाएगा। जॉर्जिया ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा नियमों में ढील दी है। अब जिन भारतीयों के पास अमेरिका, ब्रिटेन, शेंजेन देशों या जापान का वैलिड वीजा या रेजिडेंस परमिट है, वे बिना किसी एक्स्ट्रा जॉर्जियन वीजा के देश में एंट्री ले सकते हैं। यह बदलाव दोनों देशों के बीच टूरिज्म और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए किया गया है।
जॉर्जिया अपनी खूबसूरत पहाड़ियों, ऐतिहासिक चर्चों, अंगूर की वादियों और राजधानी त्बिलिसी की वजह से तेजी से भारतीय टूरिस्टों का पसंदीदा जगह बन गई है। इस फैसले से भारतीय पर्यटकों के लिए जॉर्जिया का सफर और भी आसान और किफायती हो जाएगा।
बिना वीजा मिल सकेगी एंट्री
जिन भारतीय नागरिकों के पास अमेरिका, ब्रिटेन, शेंजेन देशों या जापान जैसे देशों का वीजा या रेजिडेंस परमिट है, उन्हें अब जॉर्जिया के लिए अलग से वीजा लेने की जरूरत नहीं होगी। इससे खासतौर पर उन यात्रियों को राहत मिलेगी जो कम खर्च में एक खूबसूरत देश घूमना चाहते हैं और पेपरवर्क से बचना चाहते हैं।
बाकियों के लिए वीजा प्रोसेस हुआ आसान
जिनके पास ये स्पेशल वीजा या परमिट नहीं हैं, उनके लिए भी जॉर्जिया ने वीजा अप्लाई करने का प्रोसेस पहले से आसान बनाया है। अब वीजा के लिए नीचे दिए गए डॉक्युमेंट्स की जरूरत होगी।
पासपोर्ट के बायो पेज की स्कैन कॉपी
आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर और आधार कार्ड
पिछले 6 महीने का बैंक स्टेटमेंट और 3 साल का ITR
नौकरी का प्रूफ (सैलरी स्लिप, कंपनी का ID या जॉब लेटर)
इस चेकलिस्ट से वीजा अप्लाई करने में पारदर्शिता आएगी और प्रोसेस जल्दी पूरा होगा।
केवल सरकारी वेबसाइट से करें अप्लाई
जॉर्जियन अधिकारियों ने भारतीय यात्रियों को सलाह दी है कि वे सिर्फ सरकारी पोर्टल्स से ही वीजा और ट्रैवल से जुड़ी जानकारी लें। इससे फर्जी वेबसाइट और एजेंटों से बचा जा सकता है।
जॉर्जिया बन रहा है भारतीयों के लिए नया टूरिस्ट डेस्टिनेशन
जॉर्जिया एक ऐसा देश है जहाँ प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलता है। काकेशस पहाड़ियों से घिरा यह देश अपनी बर्फ से ढकी चोटियों, हरे-भरी वादियों, प्राचीन चर्चों और पुराने किलों के लिए जाना जाता है। राजधानी त्बिलिसी अपनी रंग-बिरंगी गलियों, यूरोपीय और एशियाई संस्कृति के मेल और जीवंत नाइटलाइफ के कारण टूरिस्टों के बीच बेहद फेमस है। इसके अलावा जॉर्जिया का वाइन कल्चर लोगों को खास अनुभव देता है।