हरियाणा से अगर कोई महिला खरीदेगी कार तो टैक्स में एक्स्ट्रा छूट! जानिए 20 लाख की गाड़ी में होगा कितना फायदा

Haryana Vehicle Tax Rebate for Women: अगर आप हरियाणा में किसी महिला के नाम पर 20 लाख रुपये तक की कार या SUV खरीदते हैं, तो आपको ₹20,000 तक की सीधी बचत हो सकती है। आइए आपको बताते हैं कि इस नए नियम के तहत किस बजट की कार पर आपको कितना फायदा मिलेगा

अपडेटेड Jul 29, 2026 पर 2:10 PM
₹20 लाख तक एक्स-शोरूम कीमत वाली नॉन-ट्रांसपोर्ट गाड़ियों की टैक्स दरों में 1 फीसदी की कटौती की गई है

Haryana Motor Vehicle Tax Rebate for Women: हरियाणा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके नाम पर वाहन रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में नॉन-ट्रांसपोर्ट गाड़ियों के लिए मोटर व्हीकल टैक्स (Road Tax) में महिलाओं को 1% की विशेष छूट देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

अगर आप हरियाणा में किसी महिला के नाम पर 20 लाख रुपये तक की कार या SUV खरीदते हैं, तो आपको ₹20,000 तक की सीधी बचत हो सकती है। आइए जानते हैं कि इस नए नियम के तहत किस बजट की कार पर आपको कितना फायदा मिलेगा और अलग-अलग गाड़ियों का गणित क्या है।

मोटर व्हीकल टैक्स का नया स्लैब: समझिए कहां और कितनी मिली छूट


राज्य सरकार के नए फैसले के अनुसार, ₹20 लाख तक एक्स-शोरूम कीमत वाली नॉन-ट्रांसपोर्ट गाड़ियों की टैक्स दरों में 1 फीसदी की कटौती की गई है:

  • ₹6 लाख तक की कारें: टैक्स की दर 5% से घटाकर 4% कर दी गई है।
  • ₹6 लाख से ₹20 लाख तक की कारें/SUVs: टैक्स की दर 8% से घटकर 7% हो गई है।
  • ₹20 लाख से अधिक की प्रीमियम कारें: इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। महिलाओं के नाम पर भी 10% टैक्स ही लागू रहेगा।

छोटी गाड़ियों (₹6 लाख तक) पर कितनी होगी बचत?

अगर आप ₹6 लाख तक की हैचबैक या माइक्रो-एसयूवी खरीदते हैं, तो आपको टैक्स में ₹6,000 तक का फायदा मिलेगा:

Maruti Alto K10 (लगभग ₹4.23 लाख): 4% की दर से अब ₹16,920 टैक्स लगेगा, जो पहले 5% की दर से ₹21,150 था। बचत: ₹4,230

Renault Kwid RXE (लगभग ₹4.70 लाख): अब ₹23,500 की जगह ₹18,800 टैक्स लगेगा। बचत: ₹4,700

Tata Tiago XE (लगभग ₹5 लाख): अब ₹25,000 के बजाय ₹20,000 टैक्स लगेगा। बचत: ₹5,000

₹6 लाख के करीब की कारें (Tata Punch, Maruti Swift, Baleno, Tata Tigor): इन गाड़ियों की खरीद पर महिलाओं को रजिस्ट्रेशन के वक्त पूरे ₹6,000 की बचत होगी।

बड़ी गाड़ियों और SUVs पर होगा बड़ा फायदा (₹6 लाख से ₹20 लाख)

₹6 लाख से ₹20 लाख के बजट में आने वाली SUVs और सेडान कारों पर 1% छूट का मतलब है सीधी हजारों रुपये की बचत:

Tata Nexon (लगभग ₹9 लाख): 7% की दर से अब ₹63,000 टैक्स देना होगा, जो पहले ₹72,000 था। बचत: ₹9,000

Maruti Grand Vitara (लगभग ₹11 लाख): अब ₹88,000 के बजाय ₹77,000 टैक्स लगेगा। बचत: ₹11,000

Hyundai Creta (लगभग ₹13 लाख): टैक्स ₹1.04 लाख से घटकर ₹91,000 रह जाएगा। बचत: ₹13,000

Toyota Innova Crysta (लगभग ₹19 लाख): पहले ₹1.52 लाख टैक्स लगता था, जो अब घटकर ₹1.33 लाख हो जाएगा। इस सेगमेंट में सबसे बड़ी बचत लगभग ₹19,000 इसी गाड़ी पर मिलेगी।

इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) के लिए बंपर ऑफर: 100% टैक्स छूट

महिलाओं को मिलने वाली छूट के साथ ही, हरियाणा कैबिनेट ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए भी ऐतिहासिक फैसला लिया है:

₹30 लाख तक के EVs: नए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर और फोर-व्हीलर के रजिस्ट्रेशन पर 100% मोटर व्हीकल टैक्स माफ कर दिया गया है।

₹30 लाख से महंगे EVs: इन पर 50% की टैक्स छूट मिलेगी।

CNG गाड़ियां: सीएनजी वाहनों पर पहले से मिल रही 20% की छूट जारी रहेगी।

जानकारी के मुताबिक, राज्य के परिवहन मंत्री अनिल विज काफी समय से इस छूट की वकालत कर रहे थे। दरअसल, हरियाणा के लोग डीलरशिप से गाड़ियां खरीदकर दिल्ली या चंडीगढ़ में रजिस्टर करा रहे थे, जिससे राज्य सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।