अमीर भारतीयों की पहली पसंद बना टर्म इंश्योरेंस! 100% बढ़ी डिमांड, वजह कर देगी हैरान
HNI Term Insurance: भारत के अमीर परिवारों में अपनी संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए टर्म इंश्योरेंस खरीदने का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2023 से अब तक एचएनआई टर्म प्लान की बुकिंग में 100% की भारी उछाल आई है और औसत कवर भी 30% बढ़ चुका है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि 50% से अधिक खरीदार 35 साल से कम उम्र के युवा अमीर हैं
युवा अमीर भारतीय अपनी वित्तीय योजना की शुरुआत में ही बड़े लाइफ कवर को तरजीह दे रहे हैं
HNI Term Insurance Market Growth: भारत के उच्च आय वर्ग (HNI) और अमीर परिवारों के बीच अपनी संपत्ति को सुरक्षित रखने और वित्तीय सुरक्षा हासिल करने के लिए टर्म इंश्योरेंस की मांग में तूफानी तेजी देखी जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2023 से अब तक एचएनआई टर्म इंश्योरेंस की बुकिंग में 100% यानी दोगुनी बढ़त दर्ज की गई है।
ऑनलाइन बीमा प्लेटफॉर्म पॉलिसीबाजार के आंकड़ों में सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस बाजार को अब सिर्फ उम्रदराज या पुरानी पीढ़ी के रईस ही नहीं, बल्कि युवा अमीर आगे बढ़ा रहे हैं। साथ ही पॉलिसी का औसत कवर आकार भी 30% तक बढ़ गया है।
युवा HNI बने सबसे बड़े गेमचेंजर
आमतौर पर यह धारणा रही है कि बड़ी रकम का टर्म प्लान या लाइफ इंश्योरेंस अधेड़ उम्र के लोग ही खरीदते हैं, लेकिन आंकड़ों ने इस मिथक को पूरी तरह तोड़ दिया है। पॉलिसीबाजार के आंकड़ों के अनुसार, टर्म इंश्योरेंस खरीदने वाले लगभग 50% एचएनआई 35 साल से कम उम्र के हैं।
युवा अमीर भारतीय अपनी वित्तीय योजना की शुरुआत में ही बड़े लाइफ कवर को तरजीह दे रहे हैं। यह बढ़त मौजूदा ग्राहकों द्वारा पुरानी पॉलिसी को टॉप-अप करने से नहीं, बल्कि पहली बार मार्केट में उतरने वाले युवा एचएनआई की वजह से देखने को मिल रही है।
मल्टी-करोड़ कवर का बढ़ा क्रेज, ₹25 करोड़ की भी बिकी पॉलिसी!
अमीर ग्राहक अब अपनी फैमिली के लाइफस्टाइल और लॉन्ग-टर्म पेमेंट्स को ध्यान में रखते हुए भारी-भरकम सम एश्योर्ड चुन रहे हैं:
लाइफ कवर की रकम
HNI खरीदारों का हिस्सा
₹3 करोड़ और उससे अधिक
25%
₹5 करोड़ और उससे अधिक
5%
₹7 करोड़ और उससे अधिक
1.5%
₹10 करोड़ और उससे अधिक
1%
नौकरीपेशा अमीर वर्ग का औसत कवर करीब ₹2 करोड़ का है। प्लेटफॉर्म पर किसी एक एचएनआई ग्राहक द्वारा खरीदा गया सबसे बड़ा लाइफ कवर ₹25 करोड़ का रहा है। टर्म प्लान पर टैक्स छूट और रिफॉर्म्स आने के बाद ₹5 करोड़ से अधिक के कवर खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या लगभग तीन गुनी हो गई है।
बचत नहीं, सिर्फ प्योर प्रोटेक्शन का ट्रेंड
5% से भी कम एचएनआई ग्राहक 'टर्म रिटर्न ऑफ प्रीमियम' (TROP) प्लान चुन रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि अमीर वर्ग टर्म इंश्योरेंस को निवेश का जरिया नहीं, बल्कि एक शुद्ध वित्तीय सुरक्षा उपकरण मान रहा है।
लगभग 60% एचएनआई ग्राहक पूरी जिंदगी प्रीमियम भरने के बजाय 'लिमिटेड-पे' या 'पे-टिल-60' विकल्प चुन रहे हैं, ताकि कम समय में ही प्रीमियम का काम खत्म हो जाए।
डिसेबिलिटी और गंभीर बीमारियों पर फोकस
एचएनआई केवल बेस लाइफ कवर से संतुष्ट नहीं हैं, बल्कि अतिरिक्त राइडर्स के जरिए खुद को पूरी तरह सुरक्षित कर रहे हैं। 20% ग्राहक दुर्घटना से होने वाली विकलांगता कवर ले रहे हैं। 15% ग्राहक गंभीर बीमारियों के इलाज का राइडर चुन रहे हैं।
शहरों और महिलाओं का प्रदर्शन
टेक और बिजनेस हब बेंगलुरु और हैदराबाद पॉलिसी खरीदने की संख्या में सबसे आगे हैं। मुंबई, गुड़गांव, फरीदाबाद और बेंगलुरु में औसतन सबसे ज्यादा सम एश्योर्ड (पॉलिसी की राशि) वाले प्लान खरीदे गए हैं। एचएनआई टर्म इंश्योरेंस खरीदारों में 18% महिलाएं हैं, जो इस बात का सबूत है कि अमीर महिलाएं भी अब अपने परिवार की वित्तीय सुरक्षा में मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
पॉलिसीबाजार में हेड ऑफ टर्म इंश्योरेंस वरुण अग्रवाल के अनुसार, 'भारतीय एचएनआई मार्केट में उच्च सुरक्षा की ओर स्पष्ट झुकाव दिख रहा है। अप्रैल 2023 के बाद से बुकिंग दोगुनी होना और 50% ग्राहकों का 35 साल से कम उम्र का होना यह साबित करता है कि युवा अमीर अपनी फैमिली वेल्थ को सुरक्षित रखने के लिए समय रहते बड़े फैसले ले रहे हैं।'
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि एक्सपर्ट के सलाह उनके अपने है। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने या प्लान चुनने की कोई सलाह नहीं दी जाती है।