Fuel Credit Cards: बड़े शहरों में ऑफिस जाने, बच्चों को स्कूल छोड़ने या वीकेंड पर काम निपटाने के चक्कर में पेट्रोल-डीजल का खर्च कब बजट बिगाड़ देता है, पता ही नहीं चलता। महीने भर में 500-1000 रुपये की छोटी-छोटी रिफिलिंग जुड़कर हजारों में पहुंच जाती है। भले ही आप तेल की कीमतों को नियंत्रित नहीं कर सकते, लेकिन अपने पेमेंट करने के तरीके में बदलाव करके अच्छी-खासी बचत जरूर कर सकते हैं। आइए आपको बताते हैं आप कैसे कर सकते है बचत।
कैसे काम करते हैं फ्यूल क्रेडिट कार्ड?
क्रेडिट कार्ड का सही इस्तेमाल आपके फ्यूल खर्च को थोड़ा हल्का बना सकता है। इसके मुख्य दो फायदे कैशबैक या रिवॉर्ड पॉइंट्स और कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स होते हैं। कई कार्ड हर बार तेल भरवाने पर आपको कैशबैक या रिवॉर्ड पॉइंट्स देते हैं। इन पॉइंट्स को आप बाद में वाउचर खरीदने या कार्ड के बिल में डिस्काउंट के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं आमतौर पर क्रेडिट कार्ड से पेट्रोल भरवाने पर बिल में 1% का सरचार्ज जुड़ता है। फ्यूल क्रेडिट कार्ड इस शुल्क को माफ कर देते हैं। सुनने में यह 1% छोटा लग सकता है, लेकिन पूरे साल के हिसाब से यह एक बड़ी राशि बन जाती है।
बारीकियों पर ध्यान देना है जरूरी
फ्यूल कार्ड का पूरा फायदा उठाने के लिए कुछ नियम समझना जरूरी है:
खर्च की सीमा: कैशबैक का लाभ एक तय सीमा तक ही मिलता है। उदाहरण के लिए, कोई कार्ड महीने में 5,000 या 10,000 रुपये तक के तेल खर्च पर ही कैशबैक दे सकता है। उससे ज्यादा खर्च करने पर फायदा मिलना बंद हो जाता है।
पंप का चुनाव: कुछ कार्ड केवल विशिष्ट तेल कंपनियों जैसे Indian Oil, Bharat Petroleum (BPCL) या Hindustan Petroleum (HPCL) के साथ पार्टनरशिप में होते हैं। अगर आप हमेशा एक ही कंपनी के पंप पर जाते हैं, तो उसी ब्रांड का को-ब्रांडेड (Co-branded) कार्ड चुनना ज्यादा फायदेमंद रहता है।
क्रेडिट कार्ड से मिलने वाली बचत भले ही तत्काल बड़ी न लगे, लेकिन लंबे समय में यह फर्क पैदा करती है। मान लीजिए आप महीने में 6,000 रुपये का तेल भरवाते हैं। कैशबैक और सरचार्ज छूट मिलाकर अगर आप 2 से 3% भी बचाते हैं, तो साल भर में आप 2,000 से 3,000 रुपये तक बचा सकते हैं। यह पैसा आपकी जेब में वापस रहता है।
फायदे के चक्कर में न हो नुकसान
क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते समय इन दो नियमों का पालन जरूर करें:
गैर-जरूरी खर्च न करें: कैशबैक के लालच में ज्यादा तेल न भरवाएं। कार्ड का उपयोग केवल उसी खर्च के लिए करें जो आप पहले से कर रहे हैं।
बिल का पूरा भुगतान: सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हर महीने क्रेडिट कार्ड के बिल का पूरा भुगतान करें। क्रेडिट कार्ड पर ब्याज दरें बहुत ऊंची होती हैं। अगर आप पेमेंट में देरी करते हैं, तो ब्याज आपके पूरे कैशबैक से कहीं ज्यादा हो जाएगा।