आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लार्जकैप फंड का प्रदर्शन लंबी अवधि में शानदार रहा है। यह लार्जकैप कैटेगरी में सबसे अच्छा रिटर्न देने वाले फंडों में से एक है। लगातार दो दशक तक अपने शानदार रिटर्न से इसने निवेशकों को मालामाल किया है। यह फंड 2008 में लॉन्च हुआ था। अगर आपने इस फंड में 23 मई, 2008 को 10 लाख रुपये का एकमुश्त निवेश किया होता तो 21 नवंबर को आपका पैसा बढ़कर 1.15 करोड़ रुपये हो गया होता।
10 साल, 5 साल और 3 साल में शानदार रिटर्न
एसीई एमएफ के डेटा के मुताबिक, 17 साल में इस फंड का सीएजीआर रिटर्न 15 फीसदी रहा है। अलग-अलग टाइम फ्रेम में भी इस फंड का प्रदर्शन अच्छा रहा है। 10 साल में इसका सीएजीआर 15.02 फीसदी, 5 साल में 19.97 फीसदी और 3 साल में 18.48 फीसदी है। लॉन्च के बाद इस फंड में निवेश करने वाले इनवेस्टर्स को भी काफी अच्छा रिटर्न मिला है।
10 साल में 10 लाख का निवेश आज 41 लाख होता
अगर किसी इनवेस्टर ने इस स्कीम में 10 साल पहले 10 लाख रुपये का निवेश किया होता तो उसका निवेश बढ़कर 40.70 लाख रुपये हो गया होता। अगर किसी इनवेस्टर ने इस फंड में 5 साल पहले 10 लाख रुपये का निवेश किया होता तो उसका निवेश बढ़कर 24.55 लाख रुपये हो गया होता।
शुरुआत से 10000 के सिप से आज 97 लाख का फंड बना होता
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लार्जकैप फंड में सिप से निवेश करने वाले इनवेस्टर्स को भी काफी अच्छा रिटर्न मिला है। मई 2008 में इस स्कीम में हर महीने 10,000 रुपये के सिप से आज आपका पैसा बढ़कर 97.37 लाख रुपये हो गया होता। यह 15.63 फीसदी XIRR है। सिप से हर महीने 10 रुपये का निवेश 10 साल तक करने पर आपका पैसा बढ़कर 28.21 लाख रुपये हो गया होता। यह 16.35 फीसदी XIRR है। 5 साल में सिप से हर महीने 10,000 रुपये के निवेश से आपका पैसा बढ़कर 9.22 लाख रुपये हो गया होता।
टॉप 100 कंपनियों के शेयरों में निवेश पर जोर
इस फंड के फंड मैनेजर्स में से एक अनीश तवाकले इस फंड के शानदार प्रदर्शन की वजह ज्यादा प्रॉफिट कमाने वाली कंपनियों पर इस फंड के फोकस को बताते हैं। इस फंड ने उन कंपनियों में ज्यादा निवेश किया है, जो मार्केट में लीडर हैं और जिनका प्रॉफिट का लंबा ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने बताया कि इस फंड का जोर शॉर्ट टर्म ट्रेंड की जगह अच्छी और मजबूत फंडामेंटल वाली कंपनियों के शेयरों में निवेश पर रहा है। उनका मानना है कि मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में वैल्यूएशन ज्यादा होने से लार्जकैप स्टॉक्स का आकर्षण बढ़ा है।
80-100 फीसदी निवेश लार्जकैप स्टॉक्स में
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लार्जकैप फंड का नाम पहले आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल ब्लूचिप फंड था। यह ओपन-एंडेड स्कीम मार्केट कैपिटलाइजेशन के हिसाब से टॉप 100 कंपनियों के शेयरों में निवेश करती है। यह 80-100 फीसदी निवेश लार्जकैप शेयरों में करती है। बाकी का निवेश यह दूसरे इक्विटी इंस्ट्रूमेंट्स, डेट और मनी मार्केट सिक्योरिटीज में करती है। REITs और InvITs में इसका थोड़ा निवेश है।
मिनिमम 100 रुपये से किया जा सकता है निवेश
इस फंड का बेंचमार्क निफ्टी 100 टीआरआई है। अनीश तवाकले, वैभव दुसाद और शर्मिला डीसिल्वा इस फंड के फंड मैनेजर्स हैं। इस फंड में मिनिमम 100 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है।