जुलाई में ऑफिस वाली नौकरियों की डिमांड में रही तेजी! होटल-बीमा-AI ने की ज्यादा हायरिंग

अगर आप किसी दफ्तर में बैठकर काम करने वाली नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। जुलाई 2025 में भारत में ऑफिस जॉब्स की मांग में सालाना आधार पर 7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है

अपडेटेड Aug 01, 2025 पर 10:10 PM
अगर आप किसी दफ्तर में बैठकर काम करने वाली नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है।

अगर आप किसी दफ्तर में बैठकर काम करने वाली नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। जुलाई 2025 में भारत में ऑफिस जॉब्स की मांग में सालाना आधार पर 7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह जानकारी नौकरी डॉट कॉम की जॉबस्पीक इंडेक्स रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसी नौकरियों की डिमांड बढ़ रही है जिनमें फिजिकल लेबर कम और दिमागी हुनर ज्यादा जरूरी होता है।

होटल और रेस्तरां सेक्टर सबसे आगे

जुलाई में सबसे ज्यादा भर्तियां होटल और रेस्तरां सेक्टर से आईं, जिसकी हिस्सेदारी 26% रही। इसके बाद बीमा सेक्टर ने 22% हिस्सेदारी के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। एजुकेशन सेक्टर (16%) और तेल गैस सेक्टर (13%) भी टॉप चार में रहे। इन सेक्टरों की ग्रोथ ने दिखाया कि गैर-आईटी सेक्टर भी अब तेजी से रोजगार के नए मौके पैदा कर रहे हैं।


आईटी सेक्टर स्थिर, लेकिन AI और मशीन लर्निंग में उछाल

जहां एक ओर आईटी सेक्टर में पिछले साल की तुलना में ज्यादा हलचल नहीं दिखी, वहीं AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और मशीन लर्निंग से जुड़ी नौकरियों में 41% की जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई। यह साफ इशारा करता है कि अब भविष्य की नौकरियों का रुख तकनीक की तरफ है।

नए कैंडिडेट्स के लिए भी मौके

रिपोर्ट के अनुसार, फ्रेशर्स यानी नए जॉब सीकर्स की भर्ती में 8% से ज्यादा का इजाफा हुआ है। वहीं 16 साल या उससे ज्यादा अनुभव रखने वाले प्रोफेशनल्स की मांग में 13% की बढ़ोतरी देखी गई। यानी नौकरी की दौड़ में अब सभी के लिए मौके हैं—चाहे आप करियर की शुरुआत कर रहे हों या अनुभवी प्रोफेशनल हों।

नौकरी डॉट कॉम के चीफ बिजनेस ऑफिसर पवन गोयल ने कहा कि गैर-आईटी सेक्टर्स की ओर से आ रही लगातार मांग एक पॉजिटिव संकेत है। होटल, बीमा और शिक्षा जैसे सेक्टरों में भर्ती की रफ्तार में तेजी उत्साहजनक है और यह ट्रेंड आने वाले महीनों में भी जारी रह सकता है।

यह एक मंथली रिपोर्ट है जो नौकरी डॉट कॉम पर डाली गई नई जॉब लिस्टिंग्स और रिक्रूटर्स की एक्टिविटी के आधार पर तैयार की जाती है। इससे पता चलता है कि कौन से सेक्टर में कितनी नौकरियां निकल रही हैं और किस तरह का टैलेंट ज्यादा डिमांड में है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।