ITR Filing 2026: इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरना आसान हो सकता है, अगर आप पहले से जरूरी कागजात तैयार रखें। कई लोग बिना तैयारी के रिटर्न फाइल करना शुरू कर देते हैं और बाद में डॉक्यूमेंट ढूंढते रहते हैं। इससे गलतियां हो सकती हैं, आप डिडक्शन भूल सकते हैं। रिफंड आने में भी देरी हो सकती है। इसलिए असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए ITR भरने से पहले सभी जरूरी जानकारी और कागज एक जगह रखना जरूरी है।
सबसे पहले PAN और आधार कार्ड तैयार रखें। PAN टैक्स फाइलिंग के लिए सबसे जरूरी पहचान है। साथ ही यह भी देख लें कि आपका आधार PAN से लिंक है या नहीं। आपका मोबाइल नंबर, ईमेल और पता भी अपडेट होना चाहिए, क्योंकि इन्हीं के जरिए OTP और जरूरी जानकारी मिलती है।
अगर आप नौकरी करते हैं, तो Form 16 सबसे अहम डॉक्यूमेंट है। यह आपका एम्प्लॉयर जारी करता है। इसमें आपकी सैलरी, टैक्स कटौती (TDS) और छूट की पूरी जानकारी होती है। अगर आपने साल में नौकरी बदली है, तो सभी कंपनियों से Form 16 लेना जरूरी है।
इसके अलावा Form 26AS और AIS यानी Annual Information Statement भी डाउनलोड करना चाहिए। इनमें आपके नाम पर कटे TDS, बैंक ब्याज, शेयर या म्यूचुअल फंड से जुड़े ट्रांजैक्शन की जानकारी होती है। इसे अपने रिकॉर्ड से मिलाना जरूरी है, ताकि कोई गलती न हो।
सैलरी स्लिप्स और बैंक स्टेटमेंट
सैलरी स्लिप्स भी संभालकर रखें, क्योंकि इससे HRA, PF और अन्य कटौतियों की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही बैंक स्टेटमेंट और FD के इंटरेस्ट सर्टिफिकेट भी जरूरी हैं, क्योंकि कई बार लोग ब्याज की आय बताना भूल जाते हैं।
अगर आप पुराने टैक्स सिस्टम (Old Regime) में छूट लेना चाहते हैं, तो निवेश के सभी प्रूफ जैसे LIC, PPF, ELSS, ट्यूशन फीस, हेल्थ इंश्योरेंस और होम लोन की जानकारी तैयार रखें। होम लोन लेने वालों को सालाना स्टेटमेंट जरूर रखना चाहिए, ताकि ब्याज और प्रिंसिपल पर मिलने वाली छूट सही से क्लेम की जा सके।
जो लोग किराए पर रहते हैं और HRA क्लेम करते हैं, उन्हें रेंट रसीद और एग्रीमेंट रखना चाहिए। वहीं, अगर आपने शेयर, प्रॉपर्टी, गोल्ड या म्यूचुअल फंड बेचा है, तो उससे जुड़े सभी डॉक्यूमेंट जैसे खरीद-बिक्री की तारीख और कीमत रखना जरूरी है, ताकि कैपिटल गेन सही से निकाला जा सके।
इसके अलावा फ्रीलांस इनकम, पेंशन, डिविडेंड या किराए से होने वाली आय को भी नजरअंदाज न करें। पिछले साल का ITR भी काम आता है, क्योंकि उससे कई जानकारी दोबारा भरने में आसानी होती है।
कब शुरू होगी ITR फाइलिंग?
सरकार ने ITR फॉर्म जारी कर दिए हैं और जल्द ही ऑनलाइन और ऑफलाइन यूटिलिटी भी शुरू होगी। इसके बाद टैक्सपेयर्स अपना रिटर्न फाइल कर सकेंगे। अगर आप पहले से सभी जरूरी कागजात तैयार रखेंगे, तो ITR फाइलिंग आसान, तेज और बिना गलती के हो जाएगी। इससे आपका रिफंड भी समय पर मिल सकेगा।