Ganesh Chaturthi 2022: मुंबई में गणपति की धूम शुरू हो गई है। 31 अगस्त से गणपति का पर्व शुरू हो रहा है। मुंबई के किंग सर्कल स्थति GSB सेवा मंडल ने 316.40 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड राशि की बीमा पॉलिसी ली है। मंडल ने न्यू इंडिया इंश्योरेंस से बीमा पॉलिसी खरीदी है। GSB मंडल के पास करीब 70 किलो सोना और 300 किलो चांदी के आभूषण हैं। जिनसे गणेश जी का श्रृंगार किया जाता है।
मंडल के चेयरमैन विजय कामत (Vijay Kamath) ने बताया कि 11 दिन तक चलने वाले गणेश उत्सव में सभी देनदारियों और मंडल में आने वाले भक्तों को बीमा के तहत कवर किया गया है। मंडल के एक सदस्य ने बताया कि अब तक का यह सबसे बड़ा बीमा कवर है, जो किसी मंडल ने लिया है।
इन चीजों को सुरक्षित रखने के लिए लिया गया बीमा
मंडल ने प्रीमियम राशि का खुलासा करने से इनकार कर दिया। मंडल ने बताया कि 316.40 करोड़ रुपये का बीमा कवर है। इसमें 31.97 करोड़ रुपये में मूर्ति को सजाने वाले सोने, चांदी और आभूषण शामिल हैं। 263 करोड़ रुपये के सबसे बड़े हिस्से में मंडल स्वयंसेवकों, पुजारियों, रसोइया, फुटवियर स्टॉल के कर्मचारी, पार्किंग कर्मी और सुरक्षा गार्ड के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना कवर शामिल है। वहीं 1 करोड़ रुपये आग और भूकंप जोखिम के साथ विशेष जोखिम पॉलिसी में शामिल हैं। जिसमें फर्नीचर, फिटिंग, कंप्यूटर, CCTV कैमरे, स्कैनर, बर्तन, किराना, फल और सब्जियां जैसे सामान शामिल हैं।
हर भक्त की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी
GSB मंडल ने आगे कहा कि हम सबसे ज्यादा अनुशासित गणेश मंडल में से एक हैं। लिहाजा हर भक्त की सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। GSB सेवा मंडल इस बार 68वां गणपति उत्सव मना रहा है। यानी कि यहां पिछले 67 साल से गणपति उत्सव मनाया जा रहा है। बता दें कि GSB मंडल ने साल 2016 में 300 करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी ली थी। वहीं साल 2014 में 259 करोड़ रुपये का बीमा करवाया था।
लालबागचा राजा ने भी लिया 25 करोड़ का कवर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, GSB सेवा मंडल की तरह राम मंदिर वडाला ने भी 250 करोड़ रुपये की बड़ी बीमा पॉलिसी ली है। वहीं लालबागचा राजा ने न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी से 25.6 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया है।