Bajaj Finserv की म्यूचुअल फंड बिजनेस में होगी एंट्री, सेबी से मिला लाइसेंस

भारत की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के पास 39.62 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है और 31 जनवरी, 2023 तक इस सेक्टर में 42 एसेट मैनेजमेंट कंपनियां काम कर रही हैं। एम्फी के मुताबिक म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में रिटेल इन्वेस्टर्स की दिलचस्पी जनवरी में 9.3 फीसदी बढ़ी है

अपडेटेड Mar 01, 2023 पर 10:00 PM
फाइनेंशियल सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) की जल्द ही म्युचुअल फंड में एंट्री होने वाली है।

फाइनेंशियल सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) की जल्द ही म्युचुअल फंड में एंट्री होने वाली है। बजाज फिनसर्व को इसके लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) की अंतिम मंजूरी मिल गई है। बजाज फिनसर्व MF का मकसद निवेशकों के लिए एक ऐसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी तैयार करना है जहां की प्रक्रिया टेक्नोलॉजी की मदद से आसान हो और इसके साथ ही अलग-अलग जगहों पर निवेशक इस सर्विस का फायदा उठा सकें।

बजाज फिनसर्व म्यूचुअल फंड, बजाज फिनसर्व एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड (BFAML) के साथ इन्वेस्टमेंट मैनेजर के रूप में जल्द ही निवेशकों को अपनी सर्विस उपलब्ध कराएगा। इसके तहत निवेशकों के लिए एक्टिव और पेसिव दोनों सेगमेंट में इक्विटी, डेट और हाइब्रिड फंड सहित म्यूचुअल फंड प्रोडक्ट्स की पेशकश की जाएगी। केनरा रोबेको AMC में इक्विटी के पूर्व हेड निमेश चंदन BFAM में इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट फंक्शन का नेतृत्व करेंगे।

कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा, "कंपनी को म्यूचुअल फंड के लिए सेबी से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।" बजाज फिनसर्व के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव बजाज ने कहा, "निवेशकों का बढ़ता विश्वास और वित्तीय सेवाओं तक डिजिटल पहुंच के कारण म्युचुअल फंडों की लोकप्रियता बढ़ रही है। बजाज फिनसर्व के लिए सेबी की मंजूरी रणनीतिक रूप से अहम है क्योंकि यह कंपनी को रिटेल कस्टमर्स तक फाइनेंशियल सर्विसेज पहुंचाने में सक्षम बनाती है।"


भारत की म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री के पास 39.62 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है और 31 जनवरी, 2023 तक इस सेक्टर में 42 एसेट मैनेजमेंट कंपनियां काम कर रही हैं। एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) ने हाल ही में बताया कि भारतीय म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में रिटेल इन्वेस्टर्स की दिलचस्पी जनवरी में 9.3 फीसदी बढ़ी है। और यह 23.4 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।