Online Scam: ऑनलाइन स्कैम के रोजाना नए तरीके सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में एक और नया ऑनलाइन स्कैम सामने आया है Jumped Deposit स्कैम। ऑनलाइन ठगी करने वाले अपराधी लगातार नए-नए तरीके निकाल रहे हैं, जिससे लोगों के बैंक खातों से पैसे चोरी हो सके। UPI यूजर्स को निशाना बनाने वाला एक नया ‘जम्प्ड डिपॉजिट स्कैम’ सामने आया है, जिसमें साइबर अपराधी चतुराई से लोगों को धोखा देकर उनके खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
इस स्कैम में अपराधी पहले पीड़ित के बैंक खाते में UPI के जरिए एक छोटी रकम जमा करते हैं। इसके बाद वे पीड़ित को एक बड़ा अमाउंट लौटाने की रिक्वेस्ट करते हैं। जब पीड़ित को खाते में पैसे आने का नोटिफिकेशन मिलता है, तो वे अक्सर अपना बैलेंस चेक करने के लिए UPI ऐप खोलते हैं और PIN दर्ज करते हैं। इस दौरान ठग पहले ही एक फर्जी ट्रांजेक्शन रिक्वेस्ट भेज चुके होते हैं। जैसे ही पीड़ित अपना PIN दर्ज करते हैं, यह रिक्वेस्ट स्वीकार हो जाती है। और उनके खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
तमिलनाडु पुलिस की चेतावनी
तमिलनाडु पुलिस ने इस स्कैम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि इस तरह की ठगी की शिकायतें नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर लगातार दर्ज की जा रही हैं। पुलिस ने कहा है कि अगर किसी अनजान व्यक्ति से पैसे मिलें, तो तुरंत सावधानी बरतें।
तुरंत बैलेंस चेक न करें: अगर आपके खाते में कोई अनजान पैसा आता है, तो 15-30 मिनट इंतजार करें। इस दौरान किसी भी फर्जी रिक्वेस्ट का समय समाप्त हो जाएगा और स्कैमर्स को आपका PIN इस्तेमाल करने का मौका नहीं मिलेगा।
गलत PIN डालें: अगर तुरंत बैलेंस चेक करना जरूरी हो, तो जानबूझकर गलत PIN दर्ज करें। ऐसा करने से कोई भी पेंडिंग रिक्वेस्ट रिजेक्ट हो जाएगी और आपका पैसा सुरक्षित रहेगा।
UPI का इस्तेमाल करते समय किसी भी अनजान व्यक्ति से आने वाले पैसे और उनकी रिक्वेस्ट पर सावधानी बरतें। फर्जी ट्रांजेक्शन से बचने के लिए हमेशा सोच-समझकर काम करें और अपने PIN को गोपनीय रखें। इस तरह की घटनाओं की शिकायत तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज कराएं।