अब लखनऊ में घर लेने का सपना होगा साकार, 1392 सस्ते फ्लैट्स बनाएगा LDA, यहां जानें पूरी डिटेल

LDA New Housing Scheme: लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शहर में किफायती आवास को लेकर एक नई आवासीय योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत 'अदिति अपार्टमेंट्स' प्रोजेक्ट के अंतर्गत 1392 नए और सस्ते फ्लैट्स बनाए जाएंगे। रियल एस्टेट मार्केट में बजट फ्रेंडली घरों की बढ़ती मांग को देखते हुए एलडीए का यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है

अपडेटेड Jul 07, 2026 पर 3:42 PM
एलडीए ने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है, जिससे अब इस योजना पर काम तेजी से आगे बढ़ेगा

LDA New Housing Scheme: लखनऊ में अपने घर का सपना देखने वालों के लिए एक बड़ी और खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर में किफायती आवास को बढ़ावा देने के लिए एक नई आवासीय योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत 'अदिति अपार्टमेंट्स' प्रोजेक्ट के अंतर्गत 1392 नए और सस्ते फ्लैट्स बनाए जाएंगे।

रियल एस्टेट मार्केट में बजट फ्रेंडली घरों की बढ़ती मांग को देखते हुए एलडीए का यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है, जिससे अब इस योजना पर काम तेजी से आगे बढ़ेगा।

कहां बनेगा यह प्रोजेक्ट?


यह नई आवासीय परियोजना लखनऊ के अनंत नगर टाउनशिप के आदर्श खंड में विकसित की जाएगी। यह पूरा रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स 18,411 वर्ग मीटर के एक बड़े हाउसिंग प्लॉट पर तैयार होगा। इस प्रोजेक्ट को खास तौर पर निम्न और मध्यम आय वर्ग के परिवारों की जरूरतों और बजट को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

1BHK और 2BHK फ्लैट्स का पूरा गणित

इस हाउसिंग स्कीम के तहत कुल 5 रेजिडेंशियल टावर बनाए जाएंगे। इन टावरों में 1-बेडरूम और 2-बेडरूम (2BHK) दोनों तरह के फ्लैट्स का विकल्प मिलेगा:

1-बेडरूम (1BHK) फ्लैट्स: इस स्कीम में कुल 412 वन-बेडरूम फ्लैट्स बनाए जाएंगे, जिनका साइज 38.25 वर्ग मीटर होगा।

2-बेडरूम (2BHK) फ्लैट्स: मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए कुल 980 टू-बेडरूम फ्लैट्स तैयार किए जाएंगे, जिनका साइज 50.10 वर्ग मीटर निर्धारित किया गया है।

पार्किंग और आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस किफायती हाउसिंग प्रोजेक्ट में बजट के साथ-साथ सहूलियत का भी पूरा ध्यान रखा गया है। सोसायटी में रहने वाले लोगों के वाहनों के लिए 545 कारों की पार्किंग क्षमता वाला स्पेस तैयार किया जाएगा। यह पार्किंग बेसमेंट और स्टिल्ट दोनों स्तरों पर विभाजित होगी। एलडीए अधिकारियों के अनुसार, अदिति अपार्टमेंट्स में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए इसे कई आधुनिक नागरिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

जल्द ही जारी होंगी गाइडलाइंस

एलडीए से आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद अब यह प्रोजेक्ट सीधे इंप्लीमेंटेशन यानी निर्माण के चरण की ओर बढ़ रहा है। इससे लखनऊ के रियल एस्टेट बाजार में सस्ते घरों की सप्लाई होगी। प्राधिकरण की ओर से इस योजना के लिए आवेदन की तारीखों और फ्लैट्स की कीमतों से जुड़ी बाकी गाइडलाइंस जल्द ही जारी की जाएंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।