LPG Price Hike: त्योहारों से पहले महंगाई का डंक, 1 अक्टूबर से गैस सिलेंडर ₹70 तक हुआ महंगा

LPG Price Hike: इससे पहले सितंबर महीने में भी कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े थे। अगस्त और जुलाई महीने में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम घटे थे। 14.2 kg के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है

अपडेटेड Oct 01, 2026 पर 7:39 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में होता है।

फेस्टिव सीजन की शुरुआत से पहले तगड़ा झटका मिला है। 1 अक्टूबर से देश में LPG सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। हालांकि कीमत में बढ़ोतरी 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर तक ही सीमित है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने दाम 70 रुपये तक बढ़ाए हैं। इसके बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 62.5 रुपये बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है, जो पहले 2747.50 रुपये थी।

इसी तरह कोलकाता में कीमत 70 रुपये बढ़कर 2954 रुपये, मुंबई में 63.54 रुपये बढ़कर 2,764.5 रुपये और चेन्नई में 66.5 रुपये बढ़कर 2983 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में होता है।

सितंबर में भी महंगा हुआ था कमर्शियल सिलेंडर


इससे पहले सितंबर महीने में भी कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़े थे। कीमत में बढ़ोतरी 10.50 रुपये तक की थी। सितंबर की बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2747.50 रुपये, मुंबई में 2701 रुपये, चेन्नई में 2916.50 रुपये और कोलकाता में 2884 रुपये हो गई थी।

इस साल अगस्त और जुलाई महीने में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम घटे थे। अगस्त में कटौती 209 रुपये तक और जुलाई में 183.5 रुपये तक की रही थी। उससे पहले इस साल जनवरी से लेकर जून तक कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम लगातार 7 बार बढ़े थे। मार्च महीने में 2 बार बढ़ोतरी की गई थी। इसकी वजह पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान युद्ध की वजह से ग्लोबल LPG मार्केट में सप्लाई में आई रुकावट और चिंताएं थीं।

Pension Calculator: LIC की इस स्कीम में एक बार लगाएं पैसा, जिंदगीभर मिलेगी पेंशन; समझिए पूरा कैलकुलेशन

घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं

14.2 kg के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसकी कीमत में आखिरी बार बदलाव 7 जून 2026 को हुआ था। दाम 29 रुपये बढ़ा था। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, बिना सब्सिडी वाले 14.2 kg के घरेलू इंडेन LPG सिलेंडर की कीमत वर्तमान में दिल्ली में 942 रुपये है। मुंबई में कीमत 941 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है। लोकल सेल्स टैक्स या VAT के आधार पर रेट अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।