Mumbai Dating Scam: डेटिंग के नाम पर पुरुषों को लूटा जा रहा है। ये कहानी फिल्म की जैसी है। महिलाएं पुरुषों पर डेटिंग ऐप के जरिये डेट के लिए एक क्लब में बुलाती हैं। महंगी शराब ऑर्डर करती हैं और पूरा बिल पुरुषों से भरवाती है। बाद में क्लब से बिल के अमाउंट का 20 फीसदी कमीशन लेती है। इस पूरे स्कैम का पता डेट पर आने वाले पुरुषों को नहीं होता। वह ठगे जाते हैं। ये पूरा मामला मुंबई के अंधेरी वेस्ट में स्थित 'द गॉडफादर क्लब' का है जो हाल ही में एक डेटिंग ऐप स्कैम के आरोपों के चलते जांच के घेरे में आ गया है। इस कथित घोटाले में कई पुरुषों को धोखा देकर उनसे बड़ी रकम ऐंठी गई है।
डेटिंग ऐप का किया जा रहा है इस्तेमाल
इस मामले का खुलासा पत्रकार दीपिका नारायण भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर किया। उन्होंने बताया कि कैसे पुरुषों को फेमस डेटिंग ऐप्स जैसे टिंडर और बम्बल पर महिलाओं से जुड़ने के बाद ठगा जा रहा है। इन ऐप्स पर जुड़ने के बाद, महिलाएं तुरंत अपने मैच को डेट पर 'द गॉडफादर क्लब' या अन्य आस-पास के स्थानों पर मिलने के लिए बुलाती हैं।
महिलाएं ऑर्डर करती हैं महंगा सामान
जब ये महिलाएं क्लब पहुंचती हैं, तो वे मेन्यू में नहीं दिखाए गए महंगे सामान ऑर्डर करती हैं, अपने डेट के साथ कुछ समय बिताती हैं, और फिर अचानक वहां से चली जाती हैं। इसके बाद पूरा बिल पुरुषों के जिम्मे आ जाता है, जो अक्सर 23,000 से 61,000 रुपये के बीच होता है।
इस कथित घोटाले में शामिल महिलाएं कुल बिल का 15 से 20 प्रतिशत कमीशन लेती हैं। दीपिका ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि उन्होंने पहले भी कई क्लबों का पर्दाफाश किया है, लेकिन 'द गॉडफादर क्लब' ने इस घोटाले को एक नए स्तर तक पहुंचा दिया है। उन्होंने बताया कि इस क्लब में हर दिन कम से कम 10 पुरुषों को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि कई लोगों ने साइबर शिकायतें दर्ज की हैं और मौके पर पुलिस को बुलाया है, लेकिन यह घोटाला लगातार जारी है। इस मामले में मुंबई पुलिस पर भी सवाल उठाया कि उन्होंने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतें दर्ज होने के बावजूद, मुंबई पुलिस ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।
पुरुषों को क्लब के बाउंसरों ने धमकाया
उनका कहना है कि इस घोटाले का शिकार बने कुछ लोगों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन क्लब के कर्मचारियों या बाउंसरों के धमकाने के बाद वे पीछे हट गए। इसके अलावा, कई पीड़ित पुरुष अपने निजी जीवन में खुलासे के डर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से भी बचते हैं। अब दीपिका ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आग्रह किया है कि वे इस प्रकार के घोटालों में शामिल क्लबों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
मुंबई पुलिस कर रही है जांच
इस मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया पर जवाब दिया कि संबंधित पुलिस स्टेशन को इस कथित घोटाले के बारे में सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई के कुछ अन्य नाइटक्लब भी इसी तरह के तरीकों का इस्तेमाल करके डेटिंग ऐप्स के पुरुष यूजर्स को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचा रही हैं। इन क्लबों में पीआर कर्मचारी महिलाओं को भर्ती करते हैं, जो फिर पुरुषों से डेटिंग प्लेटफॉर्म्स जैसे टिंडर, बम्बल, हैपन और क्वैकक्वैक पर बातचीत करती हैं और उन्हें क्लब में बुलाकर धोखा देती हैं।