मुथूट फिनकॉर्प का नॉन-कनवर्टेबल डिबेंचर (एनसीडी) इश्यू खुल गया है। इसमें 5 नवंबर तक निवेश किया जा सकता है। इश्यू का बेस साइज 200 रुपये है। कंपनी ने 300 करोड़ रुपये के ग्रीन इश्यू का विकल्प रखा है। दोनों को मिलाकर यह इश्यू 500 करोड़ रुपये का है। इस इश्यू में बैंक एफड़ी से ज्यादा इंटरेस्ट कमाने का मौका है।
Non-Convertible Debenture (NCDs) ऐसा फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट है, जिसका इंटरेस्ट रेट पहले से तय होता है। इसलिए यह फिक्स्ड इनकम फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट्स की कैटेगरी में आता है। कंपनियां अपने बिजनेस के लिए लंबी अवधि की पूंजी जुटाने के लिए एनसीडी का इस्तेमाल करती हैं। चूंकि यह फिक्स्ड इनकम इस्ट्रूमेंट है, जिससे इसके रिटर्न पर शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव का असर नहीं पड़ता है।
मुथूट के इस एनसीडी में इनवेस्ट कर 9.25 फीसदी तक ब्याज कमाया जा सकता है। अलग-अलग पीरियड के लिए इंटरेस्ट रेट अलग-अलग हैं। हालांकि, इफेक्टिव यील्ड यानी रिटर्न 8.89 से 9.25 फीसदी के बीच है। कंपनी इस इश्यू से आने वाले पैसे का इस्तेमाल ग्राहकों को लोन देने, पुराने कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी जरूरतों के लिए करेगी।
इश्यू को कितनी रेटिंग मिली है
इस एनसीडी को क्रिसिल रेटिंग् ने क्रिसिल एए/स्टेबल रेटिंग दी है। ब्रिकवर्क रेटिंग्स इंडिया ने इस एनसीडी को बीडब्ल्यूआर एए प्लस/स्टेबल रेटिंग दी है। यह रेटिंग कंपनी के क्रेडिट रिस्क का एसेसमेंट है। अच्छी रेटिंग का मतलब होता है कंपनी की वित्तीय स्थिति अच्छी है। कंपनी के एनसीडी बीएसई डेट मार्केट सेगमेंट में लिस्ट होंगे।
इस इश्यू में एक एनसीडी की फेस वैल्यू 1000 रुपये है। कम से कम 10 एनसीडी में इनवेस्ट करना होगा। इस तरह इनवेस्टर को इश्यू में कम से कम 10,000 रुपये का निवेश करना होगा। इनवेस्टर्स इस इश्यू में 24 महीने, 36 महीने, 60 महीने और 72 महीनों के लिए इनवेस्ट कर सकते हैं। इंटरेस्ट पेआउट के मंथली, एनुअल और क्यूमुलेटिव ऑप्शंस हैं।
बैंक एफडी से ज्यादा इंटरेस्ट कमाने का मौका
इस इश्यू में इनवेस्ट के लिए 9.25 फीसदी ब्याज कमाने का मौका है। यह बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम के इंटरेस्ट रेट से काफी ज्यादा है। हालांकि, इनवेस्टर को इसमें पैसे लगाने से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर की सलाह लेनी चाहिए। मुथूट एक एनबीएफसी है, जो ग्राहकों को लोन ऑफर करती है।