Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल के दाम फिर कब बढ़ाए जाएंगे? इस सवाल पर आ गया सरकार का जवाब

Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के बाद अब लोगों की नजर अगली कीमत वृद्धि पर है। सरकार ने फिलहाल ईंधन की कमी से इनकार किया है। उसने इस बारे में भी बात की है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल फिर महंगे होंगे या नहीं। जानिए डिटेल।

अपडेटेड May 18, 2026 पर 6:49 PM
Story continues below Advertisement
पेट्रोलियम मंत्रालय ने लोगों को भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

Petrol Diesel Price Hike: सरकार ने फिलहाल देश में पेट्रोल, डीजल या LPG की किसी तरह की कमी से इनकार किया है। हालांकि पेट्रोलियम मंत्रालय ने यह साफ नहीं किया कि आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में फिर बढ़ोतरी होगी या नहीं।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले ही सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ाए थे।

सरकार ने क्या कहा


सोमवार को नई दिल्ली में हुई अंतर मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार अभी यह अनुमान नहीं लगा सकती कि फ्यूल की कीमतों में अगला बदलाव कब होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी तेल कंपनियां अभी भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के दबाव का सामना कर रही हैं।

फ्यूल की कमी नहीं

पेट्रोलियम मंत्रालय ने लोगों को भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। सुजाता शर्मा ने कहा, 'देशभर में पेट्रोल, डीजल, LPG और प्राकृतिक गैस की पर्याप्त भंडार है। LPG डिस्ट्रीब्यूटर्स, पेट्रोल पंप और ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है। सभी जरूरी ईंधनों की सप्लाई सामान्य तरीके से जारी है।'

लोगों से क्या अपील की गई

सरकार ने लोगों से जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने से बचने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा कि लोग सिर्फ जरूरत के हिसाब से ही पेट्रोल, डीजल और LPG खरीदें और पैनिक बाइंग से बचें। सुजाता शर्मा ने कहा कि सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि पेट्रोल, डीजल और LPG की सप्लाई और समय पर डिलीवरी में कोई दिक्कत न आए।

वैकल्पिक ईंधन अपनाएं

सरकार ने लोगों को वैकल्पिक कुकिंग फ्यूल अपनाने की भी सलाह दी है। मंत्रालय ने कहा कि लोग PNG, इंडक्शन और इलेक्ट्रिक कुकटॉप जैसे विकल्पों का ज्यादा इस्तेमाल करें, ताकि LPG पर निर्भरता कम हो सके।

क्यों बढ़ रही है चिंता

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की वजह से भारत में ईंधन कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी बीच शुक्रवार को सरकारी OMCs ने देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम ₹3 प्रति लीटर बढ़ा दिए थे। इसके बाद बाजार में यह चर्चा तेज हो गई कि आने वाले हफ्तों में कीमतों में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।