PM Kisan 24th instalment: जल्द आने वाली है पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, यहां जानिए पूरी डिटेल

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के तहत सरकार देशभर के किसानों के बैंक अकाउंट में साल में कुल 6000 रुपये ट्रांसफर करती है। यह पैसा तीन किस्तों में ट्रांसफर होता है। 23वीं किस्त किसानों के खाते में इस साल जून में आई थी

अपडेटेड Oct 22, 2026 पर 1:28 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हर साल दूसरी किस्त किसानों के खाते में अगस्त से नवंबर के बीच आती है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किस्त जल्द किसानों के खातों में आने वाली है। यह स्कीम की 24वीं किस्त होगी। 23वीं किस्त किसानों के खाते में इस साल जून में आई थी। इस स्कीम के तहत सरकार किसानों के खातों में 2000-2000 रुपये तीन किस्तों में भेजती है। दशहरा के बाद किसी समय सरकार 24वीं किस्त का ऐलान कर सकती है।

स्कीम का पैसा तीन किस्तों में किसानों के खाते में ट्रांसफर होता है

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के तहत सरकार देशभर के किसानों के बैंक अकाउंट में साल में कुल 6000 रुपये ट्रांसफर करती है। यह पैसा तीन किस्तों में ट्रांसफर होता है। माना जा रहा है कि सरकार दिवाली से पहले किसानों के खातों में 24वीं किस्त ट्रांसफर कर देगी। यह त्योहार से पहले किसानों को बड़ा तोहफा होगा।


स्कीम की दूसरी किस्त हर साल अगस्त से नवंबर के बीच आती है

अभी 24वीं किस्त को लेकर सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन, माना जा रहा है कि किसी भी समय इसका ऐलान हो सकता है। आम तौर पर किसानों के बैंक अकाउंट में पहली किस्त का ट्रांसफर अप्रैल से जुलाई के बीच होता है। दूसरी किस्त खाते में अगस्त से नवंबर के बीच आती है। तीसरी और अंतिम किस्त दिसंबर से मार्च के बीच आती है। इस वित्त वर्ष की पहली किस्त सरकार ने 20 जून को जारी की थी। तब 9.44 करोड़ से ज्यादा किसानों के खाते में 2000 रुपये आए थे।

पैसा सीधे डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर सिस्टम से आएगा

किसान ऑफिशियल पीएम-किसान पोर्टल पर इस स्कीम के अपडेट चेक कर सकते हैं। वे अपने पेमेंट स्टेटस को ऑनलाइन वेरिफाय कर सकते हैं। यह केंद्र सरकार की स्कीम है, जिसे फरवरी 2019 में शुरू किया गया था। इस स्कीम के तहत शर्तें पूरी करने वाले किसानों के खातों में पैसा सीधे डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए आता है।

किसान अपने रजिस्ट्रेशन और पेमेंट की जानकारी ऐसे चेक कर सकते हैं:

स्टेप 1: ऑफिशियल वेबसाइट https://pmkisan.gov.in/ पर जाना होगा।

स्टेप 2: 'नौ योर स्टेटेस' के विकल्प को सेलेक्ट करना होगा।

स्टेप 3: अपना पीएम-किसान रजिस्ट्रेशन नंबर डालना होगा।

स्टेप 4: स्क्रीन पर दिख रहे कैप्चा कोड को भरना होगा।

स्टेप 5: 'गेट ओटीपी' पर क्लिक करने के बाद वेरिफिकेशन प्रोसेस पूरा करना होगा।

स्टेप 6: वेरिफिकेशन के बाद आप अपना रजिस्ट्रेशन और पेमेंट की डिटेल चेक कर सकते हैं।

इन वजहों से अटक सकता है किस्त का पैसा 

कई बार सरकार के पैसे ट्रांसफर करने के बाद भी किसान के खाते में पैसा नहीं पहुंचता है। इसके कई कारण हो सकते हैं। ई-केवायसी पूरा नहीं होने पर भी पैसा अटक सकता है। इसलिए अपना ई-केवायसी चेक कर लें। अगर अभी तक आपने इसे नहीं कराया है तो इसे जल्द कर लें। बैंक खाते का आधार से जुड़ा होना भी जरूरी है। पहले इसे चेक कर लें। अगर बैंक अकाउंट आधार से नहीं जुड़ा है तो उसे जल्द लिंक कर दें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।