बैंक FD छोड़ पोस्ट ऑफिस में लगाएं पैसा! जानें ₹1 लाख पर एक से 5 साल के रिटर्न का पूरी कैलकुलेशन
Post Office Scheme: क्या आप बिना किसी मार्केट रिस्क के अपनी बचत पर बैंक FD से ज्यादा रिटर्न पाना चाहते हैं? पोस्ट ऑफिस की इस स्कीम में तगड़ा सालाना ब्याज मिल रहा है। इस स्कीम में 1, 2, 3 और 5 साल की अवधि के लिए निवेश किया जा सकता है। साथ ही 100% सरकारी गारंटी और सेक्शन 80C के तहत टैक्स छूट भी मिलेगी। जानिए सभी जरूरी डिटेल्स
यह स्मॉल सेविंग्स स्कीम 100% सरकारी गारंटी के साथ तय और सुरक्षित रिटर्न प्रदान करती है
Post Office Time Deposit Scheme: क्या आप भी अपनी मेहनत की कमाई को सिर्फ बैंकों की FD या रिकरिंग डिपॉजिट (RD) में जमा कर रहे हैं? अगर आप बिना किसी मार्केट रिस्क के एकमुश्त रकम सुरक्षित जगह निवेश करना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट (POTD) स्कीम एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है।
केंद्र सरकार द्वारा संचालित यह स्मॉल सेविंग्स स्कीम 100% सरकारी गारंटी के साथ तय और सुरक्षित रिटर्न प्रदान करती है। इस स्कीम में 1, 2, 3 और 5 साल की अवधि के लिए निवेश किया जा सकता है।
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट की ब्याज दरें
टाइम डिपॉजिट स्कीम के तहत अलग-अलग अवधि के आधार पर ब्याज दर तय की जाती है:
1 साल की अवधि पर: 6.9% वार्षिक ब्याज
2 साल की अवधि पर: 7.0% वार्षिक ब्याज
3 साल की अवधि पर: 7.1% वार्षिक ब्याज
5 साल की अवधि पर: 7.5% वार्षिक ब्याज (सबसे उच्चतम ब्याज दर)
₹1 लाख के निवेश पर कितना मिलेगा रिटर्न?
अगर आप पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में ₹1 लाख की एकमुश्त रकम जमा करते हैं, तो अलग-अलग समयावधि पर आपकी मैच्योरिटी रकम कुछ इस प्रकार होगी:
1 साल का डिपॉजिट (6.9% ब्याज):
ब्याज की कमाई: लगभग ₹7,081
मैच्योरिटी पर कुल रकम: ₹1,07,081
2 साल का डिपॉजिट (7.0% ब्याज):
ब्याज की कमाई: लगभग ₹14,888
मैच्योरिटी पर कुल रकम: ₹1,14,888
3 साल का डिपॉजिट (7.1% ब्याज):
ब्याज की कमाई: लगभग ₹23,508
मैच्योरिटी पर कुल रकम: ₹1,23,508
5 साल का डिपॉजिट (7.5% ब्याज):
ब्याज की कमाई: लगभग ₹44,995
मैच्योरिटी पर कुल रकम: ₹1,44,995
टैक्स बेनेफिट्स और नियम
अगर आप 5 साल की अवधि वाला टाइम डिपॉजिट चुनते हैं, तो आपको आयकर अधिनियम धारा 80C के तहत प्रति वर्ष अधिकतम ₹1.5 लाख तक की टैक्स डिडक्शन का लाभ मिलता है। वैसे यह टैक्स छूट केवल उन करदाताओं को मिलेगी जिन्होंने पुरानी कर व्यवस्था का चयन किया है। ध्यान रखें कि इस स्कीम से मिलने वाला ब्याज पूरी तरह से कर योग्य होता है। इसलिए इसे पूरी तरह से टैक्स-फ्री स्कीम नहीं माना जा सकता।
निवेश करने से पहले ध्यान रखें ये 3 जरूरी बातें
1. इमरजेंसी फंड का रखें ख्याल: अपनी जरूरत और वित्तीय लक्ष्यों को ध्यान में रखकर ही अवधि का चुनाव करें। 5 साल के लिए पैसा ब्लॉक करने से पहले अपनी आपातकालीन जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई के खर्च का आकलन जरूर कर लें।
2. प्री-मैच्योर विड्रॉल: मैच्योरिटी से पहले पैसा निकालने पर पोस्ट ऑफिस के नियमों के तहत पेनल्टी लग सकती है और ब्याज की दर घट सकती है।
3. तिमाही समीक्षा: केंद्र सरकार द्वारा हर तिमाही में स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों की समीक्षा की जाती है। निवेश करने से पहले निकटतम पोस्ट ऑफिस या इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नवीनतम दरों की पुष्टि अवश्य कर लें।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।