Aditya Birla Group: आदित्य बिड़ला ग्रुप (Aditya Birla Group) की कंपनी बीजीएच प्रॉपर्टीज (BGH Properties) ने मुंबई के पॉश इलाके में 220 करोड़ रुपये में एक बंगला खरीदा है। इस बात की जानकारी Zapkey.com के पास मौजूद डॉक्यूमेंट्स से पता चली है। ये बंगला दक्षिण मुंबई के कारमाइकल रोड, ML दहनुकर मार्ग पर है। इसका कुल क्षेत्रफल 18,494.05 वर्ग फुट है। कवर किए गए गैरेज का क्षेत्रफल 190 वर्ग फुट है। डॉक्यूमेंट्स से पता चला है कि इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री 10 अप्रैल 2023 को हुई थी। वहीं मिली जानकारी के मुताबिक, खरीदार ने 13.20 करोड़ रुपये की स्टांप ड्यूटी (stamp duty) चुकाई है।
इस प्रॉपर्टी का लेन-देन ट्रांसफर डीड (Deed of Transfer) के जरिए हुआ है। ट्रांसफर क डॉक्यूमेंट्स के जरिए पता चला है कि यह प्रॉपर्टी एर्नी खरशेदजी दुबाश (Ernie Kharshedji Dubash) की है। संपत्ति से हासिल की गई है, जो उनके वसीयतनामे आदि एन पालिया, डेरियस सोरब कंबट्टा, साइरस सोली नालसेठ, आदि हिरजी जहांगीर, चेतन महेंद्र शाह से ली गई हैं।
आदित्य बिड़ला ने नहीं किया खुलासा
फिलहाल इस मामले में आदित्य बिड़ला की ओर से कोई बयान नहीं आया है। कंपनी को ईमेल भी भेजा गया है। इस पर भी अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। बता दें कि साल 2015 में कुमार मंगलम बिड़ला (Kumar Mangalam Birla) ने लिटिल गिब्स रोड, मालाबार हिल में प्रतिष्ठित जटिया हाउस (Jatia House) को 425 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह घर 2 मंजिल का था। इसमें ढेर सारा ओपन स्पेस और एक बड़ी पार्किंग एरिया था। यह 25,000 वर्ग फुट में बना हुआ है। यह घर होमी भाभा के घर से कुछ ही दूरी पर है। होमी भाभा का घर साल 2014 में 372 करोड़ रुपये में बेचा गया था।
इससे पहले साल 2021 में, मुंबई में प्रॉपर्टी की सबसे बड़ी डील हुई थी। इसमें राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani) और उनके भाई गोपीकिशन दमानी (Gopikishan Damani) ने मुंबई के पॉश मालाबार हिल इलाके में 1,001 करोड़ रुपये में घर खरीदा था। इस घर की रजिस्ट्री 31 मार्च, 2021 को हुई थी। यह रजिस्ट्री तब हुई जब महाराष्ट्र में रिहाईशी घरों की बिक्री पर 3 फीसदी स्टांप शुल्क घटाया गया था।