DLF The Arbour: एक झटके में बिकी 7-7 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी, तीन दिन में कंपनी ने कमाए 8000 करोड़ रुपए से ज्यादा

DLF The Arbour: DLF के इस प्रोजेक्ट में ग्राहकों ने जबर्दस्त दिलचस्पी दिखाई है। इस प्रोजेक्ट में एक घर की कीमत 7 करोड़ और इससे ज्यादा है। ग्राहकों ने इस प्रोजेक्ट में घर खरीदने के लिए अपने बैंक FD और म्यूचुअल फंड्स से पैसे निकाले हैं

अपडेटेड Mar 29, 2023 पर 2:55 PM
Story continues below Advertisement
DLF The Arbour: इसमें अपार्टमेंट का साइज करीब 3,900 वर्ग फीट है। इस प्रोजेक्ट के 25 एकड़ में होने की उम्मीद है। इसमें पांच टावर्स होंगे।

DLF The Arbour: पिछले कुछ समय से रियल एस्टेट मार्केट में जो कमजोरी दिख रही थी वह अचानक खत्म हो गई। और इसका श्रेय DLF के नए प्रोजेक्ट The Arbour को जाता है। इस प्रॉपर्टी के जरिए कंपनी की कमाई को देखकर लगता है कि यह फिल्म पठान जैसी हिट साबित हुई है। यह लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट ग्ररुग्राम में है। इस प्रोजेक्ट में अब तक 1,137 फ्लैट्स बिक चुके हैं। एक फ्लैट की कीमत 7 करोड़ रुपये या इससे ज्यादा है। लॉन्च के तीन दिन के अंदर कंपनी को इस प्रोजेक्ट की सेल से 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा पैसे मिले हैं। 95 फीसदी खरीदार NRI, CXOs, आंत्रप्रेन्योर, वकील, डॉक्टर जैसे लोग हैं।

DLF के टॉप एग्जिक्यूटिव्स ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी। कंपनी के ग्रुप एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर एवं चीफ बिजनेस अफसर आकाश ओहरी ने कहा कि कई खरीदारों ने इस प्रोजेक्ट में घर खरीदने के लिए अपने बैंक FD तोड़े हैं और म्यूचुअल फंड्स से पैसे निकाले हैं।

लग्जरी प्रोजेक्ट की स्ट्रॉन्ग डिमांड


DLF के सीईओ और होलटाइम डायरेक्टर अशोक त्यागी ने कहा, "कंपनी मुंबई में एक प्रोजेक्ट शुरू करने के बारे में सोच रही है। नोएडा में भी ऐसे प्लॉट की तलाश जारी है, जिसके साथ किसी तरह का कानूनी मसला न हो।" गुरुग्राम के लग्जरी प्रोजेक्ट की सफलता के बारे में उन्होंने कहा कि यह रियल एस्टेट का पठान है। यह रियल एस्टेट इंडस्ट्री का सबसे बड़ा ब्लॉकबस्टर है।

10 साल बाद आया कंपनी का लग्जरी प्रोजेक्ट

त्यागी ने कहा कि जिन लोगों ने DLF के प्रॉपर्टीज में निवेश से पैसे बनाए हैं, वे नए प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे थे। यह देखना बहुत मजेदार है कि लोगों ने Arbour में पैसे लगाने के लिए अपने बैंक एफडी और म्यूचुअल फंड्स से पैसे निकाले हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए ग्राहकों में गजब की दिलचस्पी देखने को मिली, क्योंकि डीएलएफ के प्रोडेक्ट्स को लेकर हमेशा अच्छी डिमांड रहती है। दूसरी बात यह है कि हम गुरुग्राम में करीब 10 साल बाद Arbour लॉन्च कर रहे हैं।

भरोसेमंद डेवलपर्स के प्रोजेक्ट में बढ़ी दिलचस्पी

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में इस तरह के प्रोजेक्ट का इंतजार किया जा रहा था। यह इंतजार करीब 8-9 साल से चल रहा था। त्यागी ने कहा, "मुझे लगता है कि इस प्रोडक्ट के लिए डिमांड बहुत अच्छी थी। और मेरा मानना है कि बहुत भरोसेमंद डेवलपर के अच्छे प्राइस पर अच्छे प्रोडक्ट की काफी मांग है। ऐसा लगता है कि मार्केट में अब विश्वसनीय डेवलपर में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। यह ऐसी चीज है जो न सिर्फ गुरुग्राम में बल्कि आपको पूरे देश में देखने को मिलेगी।"

अपार्टमेंट की खास बातें

गुरुग्राम के लग्जरी प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें अपार्टमेंट का साइज करीब 3,900 वर्ग फीट है। इस प्रोजेक्ट के 25 एकड़ में होने की उम्मीद है। इसमें पांच टावर्स होंगे। ओहरी ने कहा, "यह कुछ ऐसा है, जो लोगों की डिमांड को पूरा करता है। NCR में डिमांड के अलावा हमें NRI सहित दूसरे सेगमेंट से जो सपोर्ट मिला है, उससे हम बहुत खुश हैं। कॉर्पोरेट डिमांड भी बहुत अच्छी रही है।" यह प्रोजेक्ट गुरुग्राम के मुख्य गोल्फ कोर्स के करीब स्थित है। इस अपार्टमेंट में चार बेडरूम, बड़े डेक और फ्लोर से सिलिंग की करीब 3.4 मीटर की हाइट है। यह हर तरह के लग्जरी का अहसास देता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।