श्रेयस अय्यर ने मुंबई के सबसे महंगे इलाके में लिया आलीशान फ्लैट, रेंट इतना कि हर महीने आ जाए नई लग्जरी कार!

Shreyas Iyer House: अय्यर ने इस आशियाने के लिए 3 साल का लीज एग्रीमेंट साइन किया है, जिसकी कुल वैल्यू 7.14 करोड़ रुपये है। इस घर का शुरुआती मंथली रेंट ही इतना ज्यादा है कि उतने में एक आम इंसान हर महीने एक लग्जरी गाड़ी या छोटा घर खरीद सकता है

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 4:12 PM
हाल ही में अय्यर को भारतीय T20 टीम का कप्तान बनाया गया है

Shreyas Iyer: भारतीय स्टार क्रिकेटर श्रेयस अय्यर इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में उन्हें भारतीय T20 टीम की कमान मिली है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी कप्तानी और शानदार बल्लेबाजी से लोहा मनवाने के बाद, अब अय्यर अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा में हैं। अय्यर ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के सबसे महंगे और पॉश इलाके वर्ली में एक बेहद आलीशान रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी किराए पर ली है।

प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, अय्यर ने इस आशियाने के लिए 3 साल का लीज एग्रीमेंट साइन किया है, जिसकी कुल वैल्यू 7.14 करोड़ है। इस घर का शुरुआती मंथली रेंट ही इतना ज्यादा है कि उतने में एक आम इंसान हर महीने गाड़ी या छोटा घर खरीद सकता है।

महीने का किराया ₹18.50 लाख, हर साल बढ़ेगा 7%


स्क्वायर यार्ड्स द्वारा महाराष्ट्र के 'इन्स्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन' (IGR) की आधिकारिक वेबसाइट से एक्सेस किए गए दस्तावेजों के अनुसार, इस रेंट डील का रजिस्ट्रेशन जून 2026 में ही पूरा हुआ है। श्रेयस अय्यर के इस आलीशान घर के किराए का पूरा गणित इस प्रकार है:

पहले साल का रेंट: शुरुआती 12 महीनों के लिए अय्यर हर महीने ₹18.50 लाख का किराया देंगे।

दूसरे साल का रेंट: दूसरे साल इसमें करीब 7% की बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद मंथली रेंट ₹19.79 लाख हो जाएगा।

तीसरे साल का रेंट: आखिरी यानी तीसरे साल किराया फिर 7% बढ़कर ₹21.18 लाख प्रति महीना पहुंच जाएगा।

टोटल रेंट वैल्यू: इस तरह 36 महीनों की पूरी अवधि के दौरान श्रेयस अय्यर किराए के रूप में कुल ₹7.14 करोड़ का भुगतान करेंगे।

लाखों का डिपॉजिट और इतना बड़ा है घर

श्रेयस अय्यर का यह नया ठिकाना वर्ली की बेहद आलीशान और मशहूर हाइराइज बिल्डिंग 'आर्टेशिया' (Artesia) में स्थित है। यह रेजिडेंशियल यूनिट करीब 360 वर्ग मीटर यानी 3875 वर्ग फीट के विशाल एरिया में फैली हुई है। इस घर में शिफ्ट होने के लिए अय्यर ने ₹74 लाख रुपये का भारी-भरकम सिक्योरिटी डिपॉजिट दिया है।

इस डील के लिए 1.84 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी और ₹1000 के रजिस्ट्रेशन चार्जेस चुकाए गए हैं। साथ ही इसमें अय्यर को अपनी लग्जरी गाड़ियों के लिए 4 कार पार्किंग स्पेस भी मिले हैं।

अरबपतियों और सेलिब्रिटीज की पहली पसंद है वर्ली

साउथ-सेंट्रल मुंबई में स्थित वर्ली को मुंबई के सबसे प्रीमियम, महंगे और हाई-वैल्यू रियल एस्टेट मार्केट्स में गिना जाता है। समुद्र के खूबसूरत नजारों और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण यह इलाका बड़े बिजनेस लीडर्स, स्टार सेलिब्रिटीज और बड़े एंटरप्रेन्योर्स का पसंदीदा ठिकाना है।

बांद्रा-वर्ली सी लिंक और ईस्टर्न फ्रीवे की वजह से यहां से मुंबई के प्रमुख बिजनेस हब जैसे बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC), नरीमन पॉइंट और लोअर परेल जाना बेहद आसान और कम समय का काम है। इसके अलावा, यहां कई आलीशान होटल, फाइन-डाइनिंग रेस्टोरेंट और लग्जरी लाइफस्टाइल के सभी साधन मौजूद हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।