Budget 2026: आम बजट 2026 में सीनियर सिटीजन को अच्छी खबर मिल सकती है। एक बार फिर शताब्दी-राजधानी में मिलने वाली ट्रेन टिकट आधे दाम में मिल सकती है। बजट में सरकार रेलवे टिकट बुकिंग पर मिलने वाली छूट को लेकर सरकार संकेत दे सकती है। सूत्रों के मुताबिक रेल मंत्रालय ने इस विषय पर वित्त मंत्रालय को एक प्रस्ताव भेजा है। अब सबकी नजरें वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण के ऐलानों पर होगी।
बजट से पहले इस पर हुई चर्चा
बताया जा रहा है कि बजट से पहले हुई बैठकों में इस प्रस्ताव पर चर्चा जरूर हुई है। हालांकि, अभी तक इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। इसके बावजूद उम्मीद की जा रही है कि बजट भाषण में सरकार सीनियर सिटीजन को लेकर कोई सकारात्मक संकेत दे सकती है।
सरकार ने 2020 में बंद की थी छूट
भारतीय रेलवे में सीनियर सिटीजन को मिलने वाली टिकट छूट 20 मार्च 2020 से बंद है। यह फैसला कोरोना महामारी के दौरान लिया गया था, ताकि बुजुर्गों को अनावश्यक यात्रा से रोका जा सके और संक्रमण का खतरा कम हो। छूट बंद होने से पहले 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के पुरुषों को 40 फीसदी और 58 साल या उससे ज्यादा उम्र की महिलाओं को 50 फीसदी तक किराए में राहत मिलती थी। फिलहाल सरकार ने इस सुविधा को दोबारा शुरू नहीं किया है। हालांकि, बजट 2026 में इसे आंशिक या पूरी तरह बहाल करने को लेकर चर्चा जरूर चल रही है।
सभी क्लास में मिलती थी छूट
यह छूट लगभग सभी क्लासों में लागू होती थी। इसमें स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी शामिल थे। टिकट बुक करते समय सिर्फ उम्र भरनी होती थी। सिस्टम अपने आप छूट जोड़ देता था। किसी अलग कार्ड, सर्टिफिकेट या लंबी प्रक्रिया की जरूरत नहीं होती थी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म IRCTC हो या रेलवे काउंटर, दोनों जगह सीनियर सिटीजन को यह सुविधा मिलती थी।
बुजुर्ग यात्रियों की क्या है मांग
सीनियर सिटीजन का कहना है कि रिटायरमेंट के बाद आमदनी सीमित हो जाती है। ज्यादातर लोग पेंशन या अपनी बचत पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में बढ़ते रेल किराए उनके लिए परेशानी का कारण बनते हैं। पहले मिलने वाली छूट उनके लिए बड़ी राहत थी। इसी वजह से लंबे समय से बुजुर्ग यात्री इस सुविधा को दोबारा शुरू करने की मांग कर रहे हैं। अब उनकी नजरें 1 फरवरी 2026 पर टिकी हैं।