महंगाई और बढ़ने वाली है, नवंबर में रिटेल इनफ्लेशन बढ़कर 6.3% पर पहुंच सकता है

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मानना है कि आरबीआई दिसंबर में रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.75 फीसदी कर सकता है। इसके बाद आने वाली बैठकों में इसे बढ़ाकर 6 फीसदी तक ले जाने की संभावना है

अपडेटेड Nov 13, 2026 पर 3:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी यानी MPC की बैठक 2 से 4 दिसंबर 2026 के बीच होगी।

खुदरा महंगाई बढ़कर नवंबर में 6.30 फीसदी के करीब पहुंच सकती है। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने यह अनुमान जताया गया है। नवंबर के महंगाई के आंकड़े दिसंबर में आएंगे। बैंक की रिपोर्ट में कहा गया है कि आरबीआई दिसंबर की मॉनटरी पॉलिसी में रेपो रेट 0.25 फीसदी बढ़ा सकता है।

25 बेसिस पॉइंट से ज्यादा भी बढ़ा सकता है इंटरेस्ट रेट

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का मानना है कि आरबीआई दिसंबर में रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाकर 5.75 फीसदी कर सकता है। इसके बाद आने वाली बैठकों में इसे बढ़ाकर 6 फीसदी तक ले जाने की संभावना है। बैंक ने एक बार में ही 50 बेसिस पॉइंट की बड़ी बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया है।

नवंबर में 6.30% रह सकता है रिटेल इनफ्लेशन 


यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में खुदरा महंगाई फिलहाल 6.30 फीसदी के आसपास रहने का अनुमान है। इसमें और बढ़ोतरी का जोखिम भी बना हुआ है। हालांकि, महंगाई की आगे की दिशा काफी हद तक खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर निर्भर करेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि आने वाले महीनों में महंगाई में इजाफा में खाने-पीने की चीजें महंगी होने का बड़ा हाथ होगा। रबी फसलों की बुवाई की रफ्तार, मौसम की स्थिति और सप्लाई की स्थिति का असर महंगाई पर पड़ेगा।

नवंबर में अनाज, दाल और चीनी की कीमतों में इजाफा

नवंबर के शुरुआती दिनों के आंकड़ों में अनाज, दालों और चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है। मंडी स्तर पर 11 नवंबर तक अनाज की कीमतों में 2.50 फीसदी और दालों की कीमतों में 2.48 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसी अवधि में चीनी की कीमतें 5.02 फीसदी बढ़ गईं। इसका असर आने वाले दिनों में खुदरा महंगाई पर भी पड़ सकता है। अगर इन चीजों की सप्लाई जल्द सामान्य नहीं होती है तो महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है।

महंगाई का दबाव अब ज्यादातर चीजों पर दिखने लगा है

महंगाई का दबाव अब खाने-पीने की चीजों से आगे भी फैलता दिखाई दे रहा है। यूनियन बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर में ऑटो फ्यूल को छोड़कर कोर महंगाई बढ़कर 4.51 फीसदी हो गई, जो सितंबर में 4.33 फीसदी थी। कीमती धातुओं को हटाकर देखी जाने वाली कोर महंगाई अक्टूबर में बढ़कर 3.78 फीसदी हो गई। सितंबर में यह 3.22 फीसदी थी। गौरतलब है कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 फीसदी थी। इस दौरान खाद्य महंगाई भी 7.36 फीसदी से बढ़कर 8.50 फीसदी हो गई।

2 से 4 दिसंबर के बीच होगी एमपीसी की बैठक

RBI की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी यानी MPC की बैठक 2 से 4 दिसंबर 2026 के बीच होगी। इस बैठक में महंगाई के ताजा आंकड़ों के साथ खाद्य पदार्थों की कीमतों, कच्चे तेल और रुपये की चाल पर भी नजर रहेगी। गौरतलब है कि एमपीसी ने अक्टूबर की बैठक में रेपो रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाने का फैसला किया था।

पूरे वित्त वर्ष में 5.40% रह सकती है खुदरा महंगाई 

यूनियन बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए खुदरा महंगाई का अनुमान 5.40 फीसदी के आसपास रखा है। यह RBI के अनुमान के करीब है। हालांकि, बैंक ने इस अनुमान में गिरावट की संभावना भी जताई है। इसका एक प्रमुख कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी है। बैंक ने अपना अनुमान 90 डॉलर प्रति बैरल के कच्चे तेल के भाव को आधार मानकर लगाया है। नवंबर में महंगाई 6.30 फीसदी तक पहुंचने का अनुमान RBI के लिए चिंता बढ़ाने वाला है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।