Retirement Planning: रिटायरमेंट के समय 1 करोड़ रुपये का फंड बड़ा लगता है। लेकिन क्या इससे पूरी जिंदगी खर्च चल सकता है? इसका जवाब आपके खर्च, महंगाई और निवेश से मिलने वाले रिटर्न पर निर्भर करता है।
Retirement Planning: रिटायरमेंट के समय 1 करोड़ रुपये का फंड बड़ा लगता है। लेकिन क्या इससे पूरी जिंदगी खर्च चल सकता है? इसका जवाब आपके खर्च, महंगाई और निवेश से मिलने वाले रिटर्न पर निर्भर करता है।
मान लीजिए रिटायरमेंट के समय आपके पास 1 करोड़ रुपये हैं। अब आपको हर महीने इसी फंड से खर्च निकालना है। ऐसे में सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि आज कितना खर्च हो रहा है। आने वाले सालों की महंगाई को भी ध्यान में रखना होगा।
₹1 करोड़ का फंड कितने समय चल सकता है?
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए रिटायरमेंट के बाद आपका शुरुआती खर्च 30,000 रुपये महीना है। अगर निवेश से औसतन 8% सालाना रिटर्न मिलता है और महंगाई 6% रहती है, तो यह फंड करीब 40 साल चल सकता है।
अगर आपका खर्च 40,000 रुपये महीना है तो फंड करीब 27 साल चल सकता है। वहीं, 50,000 रुपये महीने के खर्च पर यह करीब 20 साल चल सकता है।
| शुरुआती मासिक खर्च | फंड कितने साल चल सकता है |
| ₹30,000 | करीब 40 साल |
| ₹40,000 | करीब 27 साल |
| ₹50,000 | करीब 20 साल |
| ₹60,000 | करीब 16 साल |
महंगाई से बढ़ेगा आपका खर्च
रिटायरमेंट प्लानिंग में महंगाई को नजरअंदाज करना महंगा पड़ सकता है। आज अगर आपका खर्च 40,000 रुपये महीना है तो 10 साल बाद यही खर्च काफी बढ़ सकता है।
6% महंगाई मानें तो आज के 40,000 रुपये के खर्च के लिए 10 साल बाद करीब 71,600 रुपये महीने की जरूरत पड़ सकती है। यानी रिटायरमेंट फंड बनाते समय सिर्फ आज के खर्च का हिसाब नहीं लगाना चाहिए।
पूरा पैसा FD में रखना सही है?
रिटायरमेंट का पूरा पैसा एक ही जगह रखना ठीक नहीं हो सकता। मान लीजिए पूरा 1 करोड़ रुपये FD में लगा है। इससे ब्याज के रूप में नियमित कमाई होगी।
लेकिन महंगाई बढ़ने के साथ उस ब्याज की असली वैल्यू कम हो सकती है। इसलिए कुछ पैसा ऐसे विकल्पों में भी रखना जरूरी हो सकता है, जहां लंबे समय में महंगाई से ज्यादा रिटर्न मिलने की संभावना हो।
दूसरी तरफ, पूरा पैसा शेयर बाजार में लगाना भी जोखिम भरा हो सकता है। बाजार गिरने पर अगर उसी समय पैसे की जरूरत पड़ गई तो निवेश घाटे में बेचना पड़ सकता है।
हर महीने कितने पैसे निकालें?
रिटायरमेंट में 4% निकासी नियम एक आसान तरीका है। इसके मुताबिक, पहले साल रिटायरमेंट फंड का करीब 4% पैसा निकाला जा सकता है। बाद के वर्षों में इस रकम को महंगाई के हिसाब से बढ़ाया जाता है।
मान लीजिए आपके पास ₹1 करोड़ का रिटायरमेंट फंड है। इसका 4% यानी ₹4 लाख सालाना। यानी शुरुआत में आप करीब ₹33,300 रुपये महीना निकाल सकते हैं। अगर महंगाई 6% है तो अगले साल की निकासी करीब 6% बढ़ाई जा सकती है। इस तरह खर्च बढ़ने के बावजूद आपकी आय भी बढ़ती रहेगी।
क्या ₹1 करोड़ पूरी जिंदगी चल सकता है?
इसका कोई एक जवाब नहीं है। किसी व्यक्ति का 1 करोड़ रुपये का फंड 40 साल चल सकता है। किसी का 15-20 साल में खत्म हो सकता है।
यह आपके मासिक खर्च, महंगाई और निवेश से मिलने वाले रिटर्न पर निर्भर करेगा। खर्च जितना ज्यादा होगा, फंड उतनी जल्दी खत्म होगा।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।