SBI Bank Alert: 28 से 30 सितंबर तक लगातार 3 दिन बंद रहेंगे बैंक! SBI ने जारी की ये एडवाइजरी

SBI Holiday Alert: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी चेतावनी है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक 3 दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। शनिवार और रविवार की छुट्टी मिलाकर लगातार 5 दिन बैंक शाखाएं प्रभावित रह सकती हैं। SBI ने एडवाइजरी जारी कर ग्राहकों को 26 सितंबर से पहले पेंडिंग काम निपटाने की सलाह दी है

अपडेटेड Sep 20, 2026 पर 12:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बैंकों का कामकाज लगातार 5 दिनों तक प्रभावित रह सकता है

SBI Bank Strike Advisory: अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम अटका हुआ है, तो उसे 26 सितंबर से पहले हर हाल में पूरा कर लें। बैंक कर्मचारियों के संयुक्त संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने अपनी मांगों को लेकर 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है।

हड़ताल को देखते हुए देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए अलर्ट और एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपने ब्रांच से जुड़े काम समय रहते निपटा लें।

लगातार 5 दिन प्रभावित रह सकती हैं बैंक शाखाएं


हड़ताल का समय ऐसा पड़ा है कि बैंक शाखाएं लगातार 5 दिनों के लिए सामान्य कामकाज से दूर रह सकती हैं:

26 सितंबर (शनिवार): चौथा शनिवार (नियमित बैंक अवकाश)।

27 सितंबर (रविवार): साप्ताहिक छुट्टी।

28 से 30 सितंबर (सोमवार से बुधवार): UFBU की प्रस्तावित 3-दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल।

यानी शनिवार से बुधवार तक लगातार 5 दिनों तक ग्राहकों को सामान्य दिनों की तरह बैंक शाखाओं में कर्मचारी नहीं मिलेंगे।

SBI की एडवाइजरी: शाखा के कामकाज पहले निपटाएं

एसबीआई ने स्पष्ट किया है कि वह हड़ताल के दौरान अपनी शाखाओं में आवश्यक सेवाएं चालू रखने की पूरी कोशिश करेगा, लेकिन अगर बड़ी संख्या में कर्मचारी हड़ताल में शामिल होते हैं, तो शाखा स्तर पर परिचालन प्रभावित हो सकता है।

चेक क्लीयरेंस, फिजिकल डॉक्यूमेंट जमा करना, लोन डिस्बर्समेंट और अन्य ऐसे काम जिनके लिए ब्रांच जाना या बैंक स्टाफ की मदद अनिवार्य होती है ये काम अटक सकते हैं। बैंक ने सलाह दी है कि, जिन ग्राहकों के ब्रांच से जुड़े काम पेंडिंग हैं, वे 26 सितंबर से पहले ही शाखा जाकर उन्हें पूरा करा लें।

नकदी और रूटीन ट्रांजैक्शन के लिए इन सेवाओं का करें इस्तेमाल

एसबीआई ने बताया कि हड़ताल के बावजूद बैंक के डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स सामान्य रूप से काम करेंगे:

कैश निकालने/जमा करने के लिए: ग्राहक निकटतम ATM और ADWMs मशीन का उपयोग कर सकते हैं।

गांवों और कस्बों में सेवाएं: बैंकिंग सेवाओं के लिए कस्टमर सर्विस पॉइंट्स (CSPs) की मदद ली जा सकती है।

डिजिटल बैंकिग चालू रहेगी: YONO ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI के जरिए पैसे का ट्रांसफर और ऑनलाइन भुगतान बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा।

UFBU ने दी आगे भी हड़ताल की चेतावनी

बैंक कर्मचारी यूनियन यूएफबीयू ने 11 सितंबर को एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की थी। 28-30 सितंबर की तीन दिवसीय हड़ताल के बाद भी अगर उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो यूनियन ने 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का भी प्रस्ताव दिया है।

अगर आपको इस महीने के अंत में किसी बड़े भुगतान, ड्राफ्ट बनवाने या चेक लगाने की जरूरत है, तो इसे 26 सितंबर से पहले ही पूरा कर लें। छोटे-मोटे वित्तीय लेनदेन के लिए ऑनलाइन यूपीआई या योनो (YONO) ऐप का सहारा लें, ताकि हड़ताल के दौरान आपको किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।