Bank Strike: लगातार 4 दिन बंद रहेंगे बैंक! मई के अंत में इस सरकारी बैंक के कर्मचारी करने वाले है बड़ी हड़ताल, याद कर लें ये डेट्स

SBI Bank Strike: हड़ताल से पहले कर्मचारी संगठन पूरे महीने विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसमें सोशल मीडिया कैंपेन, कैंडल मार्च और प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री को ज्ञापन सौंपना शामिल है। अगर बैंक मैनेजमेंट के साथ बातचीत सफल नहीं होती है, तो हड़ताल तय है जिससे बैंक से जुड़े कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं

अपडेटेड May 13, 2026 पर 8:07 PM
Story continues below Advertisement
हड़ताल की तारीखों के कारण ग्राहकों को लंबी छुट्टी का सामना करना पड़ सकता है

Bank Strike Alert: अगर आपका खाता देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में है, तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस महीने के अंत में एसबीआई की बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं। 'ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन' (AISBISF) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 25 और 26 मई को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

लगातार 4 दिन तक कामकाज रहेगा ठप!

हड़ताल की तारीखों के कारण ग्राहकों को लंबी छुट्टी का सामना करना पड़ सकता है:


23 मई: चौथा शनिवार (बैंक बंद)

24 मई: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)

25 मई: सोमवार (हड़ताल का पहला दिन)

26 मई: मंगलवार (हड़ताल का दूसरा दिन)

इस स्थिति में लगातार चार दिनों तक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा, इसलिए सलाह दी जाती है कि कैश और चेक से जुड़े जरूरी काम 22 मई तक ही निपटा लें।

क्यों हड़ताल पर जा रहे हैं कर्मचारी?

यूनियन ने प्रबंधन के सामने 16 सूत्रीय मांगें रखी हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 29 सालों से मैसेंजर जैसे पदों पर भर्ती नहीं हुई है। क्लर्क और अन्य स्टाफ की कमी से काम का बोझ असहनीय हो गया है। रिटायरमेंट के बाद नए 'आर्म्ड गार्ड' नियुक्त नहीं किए जा रहे हैं, जिससे बैंक की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

इसके साथ ही यूनियन का दावा है कि स्थायी कामों के लिए ठेका कर्मचारियों का इस्तेमाल समझौतों का उल्लंघन है। आरोप है कि अधिकारियों और सामान्य कर्मचारियों की वेतन वृद्धि (Salary Hike) के बीच भारी अंतर है। साथ ही NPS (नेशनल पेंशन सिस्टम) को लेकर भी असंतोष है।

क्या खुला रहेगा और क्या बंद?

क्या प्रभावित होगा: बैंक शाखाओं में कैश जमा/निकासी, चेक क्लियरिंग, पासबुक अपडेट और लोन से जुड़े काम।

क्या चालू रहेगा: इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग (YONO SBI) और ATM सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

मई भर चलेगा आंदोलन

हड़ताल से पहले कर्मचारी संगठन पूरे महीने विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसमें सोशल मीडिया कैंपेन, कैंडल मार्च और प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री को ज्ञापन सौंपना शामिल है। अगर बैंक मैनेजमेंट के साथ बातचीत सफल नहीं होती है, तो हड़ताल तय है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।