महीनों की लगातार तेजी और निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी के बाद अब चांदी की चमक फीकी पड़ रही है। एक साल में चांदी के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड्स यानी सिल्वर ईटीएफ (Silver ETFs) करीब 65–70% की ताबड़तोड़ तेजी के बाद 20 अक्टूबर यानी दिवाली के दिन तेज गिरावट देखी। इसकी वजह ये है कि फिजिकल सप्लाई में सुधार के चलते वैश्विक स्तर पर इसकी कीमतें नरम पड़ी हैं। बता दें कि इस महीने अक्टूबर की शुरुआत में चांदी की स्पॉट प्राइस प्रति औंस $40 के पार चली गई। फिर चांदी की फिजिकल शॉर्टेज की संभावना पर चांदी की मांग तेज हो गई है। इसके साथ ही अक्टूबर के मध्य तक चांदी $50 के पार चली गई।
हालांकि पिछले हफ्ते के आखिरी में कारोबारी तनाव के हल्के होने और सेफ-हैवेन एसेट की मांग में सुस्ती के चलते चांदी की तेजी को ब्रेक लगा। 17 अक्टूबर को अमेरिका में चांदी की कीमतें 6% से अधिक कम हो गई जिसका असर भारतीय मार्केट पर भी पड़ा। इंडियन बूलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक भारत में 20 अक्टूबर को चांदी की के भाव करीब 7% गिरकर ₹1,71,275 से ₹1,60,100 पर आ गए। इस गिरावट का असर सिल्वर ETF पर भी पड़ा, जो घरेलू कीमतों के हिसाब से ऊपर-नीचे होते हैं।
एक ही दिन में 7.5% तक गिर गए Silver ETFs
Ace MF के आंकड़ों के मुताबिक सिल्वर ईटीएफ में एक ही दिन में भारी गिरावट आई, और 20 अक्टूबर को ज्यादातर फंडों में 7% तक की गिरावट आई। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ में 6.96% और एक्सिस सिल्वर ईटीएफ में 6.93% की गिरावट आई। वहीं देश के सबसे बड़े और सबसे अधिक कारोबार वाले सिल्वर ईटीएफ निप्पॉन इंडिया सिल्वर ईटीएफ (SilverBees) भी एक ही दिन में 6.94% गिर गए। अन्य बड़े फंडों में भी गिरावट आई, जिससे व्यापक आधार पर गिरावट का संकेत मिलता है।
चांदी की तेजी के बीच सिल्वर ईटीएफ कुछ समय पहले तक iNAV (इंट्रा-नेट एसेट वैल्यू) के ऊपर भारी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे थे लेकिन अब कीमतों में भारी गिरावट के चलते यह प्रीमियम खत्म हो गया है जोकि बाजार के सामान्य होने का संकेत है। वहीं अब से सिर्फ दो ही हफ्ते पहले भारी निवेश और सीमित लिक्विडिटी के चलते सिल्वर ईटीएफ आईएनएवी से 10-13% प्रीमियम पर चला गया था यानी कि निवेशक इसके लिए अधिक कीमत दे रहे थे।
एनएसई पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक निप्पन सिल्वरबीज ₹148.79 पर है और आईएनएवी ₹152 पर तो ICICI प्रूडेंशियल सिल्वर ईटीएफ ₹153.68 पर और आईएनएएवी ₹164.79 और एक्सिस सिल्वर ईटीएफ ₹154.62 और आईएनएवी ₹163.99 पर है। इसका मतलब है कि ईटीएफ अपने फेयर वैल्यू या डिस्काउंट पर ट्रेड हो रहे हैं जोकि चांदी की मांग मं सुस्ती का अहम संकत है। बता दें कि जब फेयर वैल्यू नहीं था तो कोटक म्यूचुअल फंड, एसबीआई म्यूचुअल फंड, यूटीआई म्यूचुअल फंड, ग्रो म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड और एचडीएफसी म्यूचुअल फंड जैसे कई म्यूचुअल फंडों ने अपने सिल्वर ईटीएफ फंड ऑफ फंड्स में लेन-देन बंद कर दिया था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।