म्यूचुअल फंड में सिप के रास्ते लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है। निवेश जल्द शुरू करने पर पैसे को बढ़ने के लिए ज्यादा समय मिलता है। सिप के रिटर्न पर शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव का असर पड़ता है। लेकिन, लंबी अवधि में निवेश पर इस उतार-चढ़ाव का ज्यादा असर नहीं पड़ता है। सवाल है कि अगर 20 साल में 1 करोड़ रुपये का फंड तैयार करना हो तो हर महीने कितने अमाउंट का सिप करना होगा?
लंबी अवधि के निवेश पर शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का असर नहीं पड़ता है
एक्सपर्ट्स का कहना है कि शेयर बाजार कभी तेजी के दौर में होता है तो भी इसमें लंबे समय तक गिरावट जारी रहती है। इसका ज्यादा असर छोटी अवधि के निवेश पर तो पड़ता है, लेकिन लंबी अवधि के निवेश पर ज्यादा नहीं पड़ता है। इसलिए जो लोग लंबी अवधि के लिए सिप से निवेश करना चाहते हैं, उन्हें बाजार के उतार-चढ़ाव से घबराने की जरूरत नहीं है।
20 साल में हर महीने 12000 के सिप से तैयार होगा 1 करोड़ का फंड
सिप के जरिए 20 साल में आराम से 1 करोड़ का फंड तैयार हो सकता है। सिप के निवेश पर सालाना रिटर्न 12 फीसदी मान लिया जाए तो 20 साल में हर महीने 12,000 रुपये के सिप से 1,10,38,288 रुपये का फंड तैयार हो सकता है। मंथली 12,000 का निवेश करने पर 20 साल में आपका कुल निवेश 28,80,000 रुपये का होगा। इस पैसे पर अनुमानित रिटर्न 81,58,288 रुपये होगा। लेकिन, यह ध्यान में रखना जरूरी है कि कैपिटल गेंस पर आपको टैक्स चुकाना होगा। लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस का रेट 12.5 फीसदी है।
सालाना रिटर्न 13 फीसदी रहने पर एक करोड़ से ज्यादा फंड होगा तैयार
अगर 20 साल तक हर महीने 12,000 सिप करने पर 13 फीसदी का सालाना रिटर्न मान लिया जाए तो एक करोड़ से ज्यादा का फंड तैयार हो जाएगा। ऐसे में आपका कुल निवेश 20 साल में 28,80,000 रुपये होगा। लेकिन, इस पर आपको 95,81,822 रुपये का रिटर्न मिलेगा। इस तरह 20 साल बाद आपका पैसा बढ़कर 1,24,61,822 रुपये हो जाएगा। इसी तरह अगर 20 साल के निवेश पर सालाना 14 फीसदी का रिटर्न मिलता है तो आपका पैसा और ज्यादा बढ़ेगा।
सिप से लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार करने में टैक्स के पहलू को ध्यान में रखना होगा
जानकारों का कहना है कि सिप से बड़ा फंड तैयार करने में टैक्स के पहलू को भी ध्यान में रखना जरूरी है। किसी लिस्टेड कंपनी के शेयर या म्यूचुअल फंड्स की यूनिट्स को निवेश के 12 महीने बाद बेचने पर मुनाफे पर लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस टैक्स लगता है। इसका रेट 12.5 फीसदी है। लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस 1.25 लाख रुपये से ज्यादा रहने पर टैक्स चुकाना पड़ता है। इसलिए उपर्युक्त उदाहरण में टैक्स के असर को समझ लेना जरूरी है।
इस तरह से होगा मुनाफे पर लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस का कैलकुलेशन
12,000 रुपये का निवेश सिप से 20 साल तक करने पर अगर सालाना 12 फीसदी रिटर्न मिलता है तो आपका पैसा बढ़कर 1,10,38,288 रुपये हो जाता है। इसमें आपका कुल 28,80,000 रुपये का निवेश शामिल है। इसका मतलब है कि इस निवेश पर आपका कुल मुनाफा 81,58,288 रुपये (1,10,38,288-28,80,000) होगा। इस पर 12.5 फीसदी रेट से कुल टैक्स 10,19,786 रुपये होगा।