1000 की SIP या 1 लाख का लंप सम... 20 साल में कौन देगा ज्यादा रिटर्न? समझिए पूरा कैलकुलेशन
SIP vs Lump sum:1000 रुपये की SIP और 1 लाख के लंपसम निवेश में 20 साल बाद कौन ज्यादा पैसा बनाता है? आंकड़े बताते हैं कि फर्क छोटा नहीं है। जानिए कैसे टाइमिंग और कंपाउंडिंग आपके रिटर्न को पूरी तरह बदल देती है।
1,000 रुपये की SIP में 20 साल बाद कुल वैल्यू करीब 13.27 लाख रुपये बनी।
SIP vs Lump sum: लॉन्ग टर्म में पैसा बनाने की बात आती है, तो म्यूचुअल फंड निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होता है- SIP (Systematic Investment Plan) बेहतर है या एकमुश्त (lump sum) निवेश? दोनों में पैसा एक ही जगह लगता है, लेकिन तरीका अलग होता है और यही फर्क आगे चलकर रिटर्न में दिखता है।
इसे समझने के लिए 20 साल की अवधि में 1,000 रुपये मासिक SIP और 1 लाख रुपये के lump sum निवेश की तुलना करते हैं, दोनों में 15% सालाना रिटर्न मानकर।
20 साल के लिए 15% CAGR मानना क्यों ठीक है
20 साल के लिए 15% CAGR मानना बहुत ज्यादा आक्रामक नहीं है, खासकर इक्विटी निवेश के लिए। भारत की बड़ी फंड हाउसेज के करीब 300 एक्टिव इक्विटी फंड्स के डेटा से पता चलता है कि कई फंड्स ने 20 साल में 15% से ज्यादा रिटर्न दिया है, कुछ मामलों में यह 18% तक भी पहुंचा है।
सिर्फ लंपसम ही नहीं, SIP के जरिए भी काफी फंड्स ने इसी अवधि में 15% से ज्यादा रिटर्न दिया है। ये फंड्स ज्यादातर मिडकैप, फ्लेक्सीकैप, मल्टीकैप, वैल्यू और सेक्टोरल/थीमैटिक कैटेगरी से जुड़े होते हैं। यानी अगर सही फंड चुना जाए और धैर्य रखा जाए, तो 15% का लॉन्ग टर्म रिटर्न हासिल करना संभव है।
SIP और लंपसम कैसे काम करते हैं
SIP में आप हर महीने एक तय रकम निवेश करते हैं। इससे निवेश की आदत बनती है और बाजार के उतार-चढ़ाव का असर अपने आप औसत हो जाता है। यही वजह है कि सैलरी वाले और नए निवेशकों के लिए यह तरीका ज्यादा आसान और सुविधाजनक माना जाता है।
वहीं लंपलम में आप एक बार में बड़ी रकम लगाते हैं और उसे लंबे समय तक छोड़ देते हैं। यहां कंपाउंडिंग का पूरा फायदा मिलता है, खासकर तब जब पैसा सही समय पर निवेश किया गया हो।
1,000 रुपये की SIP का कैलकुलेशन
अगर आप हर महीने 1,000 रुपये SIP करते हैं और 20 साल तक 15% रिटर्न मिलता है, तो आपका कुल निवेश 2,40,000 रुपये होगा। इस पर अनुमानित रिटर्न करीब 10,87,073 रुपये बनता है और कुल वैल्यू लगभग 13,27,073 रुपये तक पहुंच सकती है।
यह साफ दिखाता है कि छोटी-छोटी रकम भी समय के साथ बड़ा फंड बना सकती है, बस नियमित निवेश जरूरी है।
1 लाख रुपये के लंपसम का हिसाब
अगर आप 1 लाख रुपये एक बार में निवेश करते हैं और 20 साल तक 15% रिटर्न मिलता है, तो इस पर करीब 15,36,654 रुपये का रिटर्न बन सकता है।
इस तरह कुल वैल्यू करीब 16,36,654 रुपये हो जाती है। यानी आपका पैसा लगभग 16 गुना तक बढ़ सकता है, जो कंपाउंडिंग की ताकत को दिखाता है।
SIP vs Lump sum: किसमें ज्यादा फायदा
1,000 रुपये की SIP में 20 साल बाद कुल वैल्यू करीब 13.27 लाख रुपये बनी। वहीं, 1 लाख रुपये के लंपसम निवेश की वैल्यू करीब 16.36 लाख रुपये तक पहुंच गई।
यानी रिटर्न के लिहाज से लंपसम आगे रहा, क्योंकि पूरा पैसा शुरुआत में ही निवेश हो गया और उसे पूरे 20 साल तक कंपाउंड होने का मौका मिला। वहीं SIP में पैसा धीरे-धीरे निवेश होता है, इसलिए हर किस्त को पूरा 20 साल नहीं मिलता।
SIP vs Lump sum: किसमें करें निवेश
SIP और लंप सम में कौन बेहतर है, यह आपके पैसे और स्थिति पर निर्भर करता है। एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर आपके पास एक साथ बड़ी रकम है और आप लंबी अवधि के लिए निवेश कर सकते हैं, तो लंप सम ज्यादा फायदा दे सकता है क्योंकि कंपाउंडिंग शुरुआत से ही काम करती है।
लेकिन अगर आप हर महीने बचत करते हैं या बाजार के उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं, तो SIP बेहतर विकल्प है। क्योंकि इसमें धीरे-धीरे निवेश होता है और जोखिम कम रहता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।