Gold Return: सरकारी गोल्ड स्कीम ने निवेशकों को किया मालामाल, ₹1 लाख का निवेश बना ₹3.33 लाख!
Sovereign Gold Bond: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड(SGB) 2020-21 सीरीज XII के प्री-मैच्योर रिडेम्पशन के लिए ₹15,355 प्रति ग्राम की कीमत तय कर दी है। मार्च 2021 में ₹4,612 के भाव पर ऑनलाइन खरीदे गए इस बॉन्ड ने महज 5 साल में निवेशकों को 232% से ज्यादा का रिटर्न देकर उनका पैसा 3.33 गुना कर दिया है। जानिए कैसे तय हुआ यह रेट और निवेशकों को कितना हुआ कुल फायदा
निवेशकों को 232% से ज्यादा का छप्परफाड़ रिटर्न मिला है
: अगर आपने 5 साल पहले सरकार की सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड(SGB) स्कीम में पैसा लगाया था, तो समझिए आपकी लॉटरी लग चुकी है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने SGB 2020-21 Series XII के प्री-मैच्योर रिडेम्पशन यानी समय से पहले भुनाने की कीमत ₹15,355 प्रति यूनिट तय कर दी है।
यह बॉन्ड 9 मार्च 2021 को लॉन्च हुआ था। नियमों के मुताबिक 5 साल पूरे होने पर इसे समय से पहले बेचने का ऑप्शन मिलता है। जिन निवेशकों ने 2021 में इसमें ₹1 लाख लगाए थे, उनका पैसा आज बढ़कर ₹3.33 लाख हो चुका है। यानी सीधे 232% से ज्यादा का छप्परफाड़ रिटर्न।
आइए इसका पूरा गणित समझते हैं कि कैसे ₹1 लाख का निवेश ₹3.33 लाख में बदल गया और इस पर ब्याज का फायदा अलग से कैसे मिला।
₹1 लाख का निवेश कैसे बना ₹3.33 लाख?
मार्च 2021 में जब यह सीरीज आई थी, तब इसे ऑनलाइन खरीदने वालों को ₹50 की छूट मिली थी। दोनों ही कैटेगरी में निवेशकों को तगड़ा मुनाफा मिला है:
ऑनलाइन खरीदने वालों का हिसाब (₹50 छूट के साथ):
इश्यू प्राइस (खरीद का भाव): ₹4,612 प्रति ग्राम
रिडेम्पशन प्राइस (आज का भाव): ₹15,355 प्रति ग्राम
प्रति ग्राम मुनाफा: ₹10,743
कुल रिटर्न: 232.94% (3.33 गुना मुनाफा)
₹1 लाख में तब आपको करीब 21.68 ग्राम सोना मिला था। 9 सितंबर 2026 के ₹15,355/ग्राम के भाव से आपकी वही होल्डिंग अब ₹3.33 लाख की हो गई है।
ऑफलाइन खरीदने वालों का हिसाब:
इश्यू प्राइस: ₹4,662 प्रति ग्राम
₹1 लाख का हिसाब: ऑफलाइन खरीदे गए ₹1 लाख के बॉन्ड की वैल्यू आज ₹3.29 लाख हो चुकी है।
2.5% का फिक्स्ड ब्याज अलग से
यह ₹3.33 लाख का आंकड़ा तो सिर्फ सोने की कीमतें बढ़ने का है। इस स्कीम का असली जलवा यह है कि इस पर ब्याज भी अलग से मिलता है। एसजीबी स्कीम में सरकार मूल निवेश की रकम पर 2.5% प्रति वर्ष का पक्का ब्याज देती है, जो हर 6 महीने में सीधे बैंक खाते में आता है। यानी 5 साल तक 232% का मुनाफा तो मिला ही, साथ ही 5 साल तक हर 6 महीने में ब्याज का अलग से फायदा हुआ।
कैसे तय हुआ ₹15,355 का रेट?
आरबीआई के मुताबिक, रिडेम्पशन प्राइस की कीमत रिडेम्पशन डेट से ठीक पहले के 3 वर्किंग डेज (4, 7 और 8 सितंबर 2026) के दौरान इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी 999 शुद्धता (24 कैरेट) वाले सोने के क्लोजिंग प्राइस के औसत के आधार पर तय की गई है।
क्या आप भी निकाल सकते हैं पैसा?
एसजीबी की कुल अवधि 8 साल की होती है। लेकिन 5 साल पूरे होने के बाद आरबीआई निवेशकों को समय से पहले निकलने की सुविधा देता है। 9 मार्च 2021 को जारी इस Series XII के लिए आरबीआई ने 9 सितंबर 2026 को रिडेम्पशन की तारीख तय की है।
जरूरी बात: यह ₹15,355 का रेट केवल SGB 2020-21 Series XII के लिए है। अगर आपके पास कोई और सीरीज का बॉन्ड है, तो उसकी इश्यू डेट और सीरीज जांचने के बाद ही रिडेम्पशन क्लेम करें।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।