Subhadra Yojana: सरकार ने सुभद्रा योजना स्कीम लॉन्च कर दी है। नई सरकारी योजना के तहत महिलाओं को 10,000 रुपये मिलेंगे। ये पैसा पांच साल तक मिलेगा। दरअसल, ओडिशा में बीजेपी सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 'सुभद्रा योजना' की घोषणा की है। इस योजना के तहत 21 से 60 साल की उम्र की 1 करोड़ से अधिक महिलाओं को हर साल 10,000 रुपये मिलेंगे, जो दो किश्तों में दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस योजना का स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी कर दिया है। यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को लॉन्च की जाएगी।
महिलाओं को मिलेंगे 50,000 रुपये
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विधानसभा में इस योजना की घोषणा करते हुए बताया कि यह योजना 2024-25 से 2028-29 तक चलेगी। सुभद्रा योजना के लिए 55,825 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। प्रत्येक महिला को सालाना 10,000 रुपये (5,000 रुपये की दो किश्तों में) दिए जाएंगे। ये पैसा रक्षाबंधन और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर दिया जाएगा। पांच सालों में एक महिला को कुल 50,000 रुपये मिलेंगे।
महिलाओं को मिलेगा सुभद्रा डेबिट कार्ड
योजना के तहत पैसा सीधे लाभार्थी महिला के आधार-लिंक्ड बैंक खाते में जमा होगी। महिलाओं को और उन्हें 'सुभद्रा डेबिट कार्ड' भी मिलेगा। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी निकाय में सबसे ज्यादा डिजिटल ट्रांजेक्शन करने वाली 100 महिलाओं को 500 रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मिलेगा।
यहां मिलेगा योजना में अप्लाई करने के लिए फॉर्म
योजना का लाभ पाने के लिए महिलाएं आंगनवाड़ी केंद्रों, ब्लॉक ऑफिस, मो-सेवा केंद्रों और जन सेवा केंद्रों से मुफ्त में फॉर्म प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा, योजना की निगरानी के लिए 'सुभद्रा सोसायटी' का गठन किया जाएगा, जो कि महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत काम करेगी। इस योजना को बीजेपी सरकार ने अपने चुनावी वादे के तहत लागू किया है, और इसे ओडिशा में महिलाओं का समर्थन प्राप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन महिलाओं को नहीं मिलेगा योजना का फायदा
हालांकि, आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों की महिलाएं, सरकारी कर्मचारी या टैक्सपेयर्स इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। साथ ही, जो महिलाएं किसी अन्य सरकारी योजना के तहत प्रति हर महीने 1,500 रुपये या उससे अधिक सहायता लें रही हैं। वह इस योजना का फायदा नहीं उठा पाएगी।