UP Diwali Holiday 2024: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दीपावली के त्योहार के लिए छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। मुख्य सचिव दीपक कुमार ने सोमवार को सभी विभागों को इस संबंध में आदेश जारी किए, जिसमें दीपावली के साथ अन्य त्योहारों की छुट्टियों की भी जानकारी दी गई है। इसके साथ ही इस बार दीपावली की तारीख को लेकर चल रहा भ्रम भी दूर हो गया है। पिछले कुछ दिनों से लोगों में इस बात को लेकर असमंजस था कि दीपावली 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी या 1 नवंबर को। लेकिन सरकार के आदेश के बाद स्थिति साफ हो गई है। आदेश के अनुसार इस साल दीपावली का त्योहार 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इसके अलावा 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 3 नवंबर को भाई दूज की छुट्टी रहेगी।
अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की चल रही हैं तैयारियां
हर साल की तरह इस बार भी योगी सरकार द्वारा रामनगरी अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कई महीनों से तैयारियां चल रही हैं। राज्य सरकार का यह दीपोत्सव कार्यक्रम बेहद खास होता है, जिसमें लाखों दीयों से अयोध्या को सजाया जाता है और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
मुख्य सचिव दीपक कुमार की ओर से जारी आदेश में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और कोषागारों को दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों के वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि सभी सरकारी कर्मचारी और अधिकारी अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियों का आनंद ले सकें।
अमावस्या तिथि को लेकर था भ्रम
इस साल दीपावली की तिथि को लेकर असमंजस इसलिए था क्योंकि अमावस्या 31 अक्टूबर को दोपहर 2:40 बजे से शुरू हो रही है। यह 1 नवंबर की दोपहर तक समाप्त हो जाएगी। शास्त्रों के अनुसार, दिवाली की पूजा अमावस्या की रात में होती है, इसलिए इस साल 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई जाएगी।
दीपावली की छुट्टी 31 अक्टूबर को घोषित की गई है, जबकि 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 3 नवंबर को भाई दूज की छुट्टी दी गई है। हालांकि, 1 नवंबर को अवकाश को लेकर स्थिति साफ नहीं है, लेकिन उम्मीद है कि लोग 31 अक्टूबर को दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले से दीपावली की तारीख को लेकर चला आ रहा असमंजस खत्म हो गया है और लोग अब खुशी-खुशी अपनी तैयारियों में जुट सकते हैं।